पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा : गोपीचंद

उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा : गोपीचंद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
खेल संवाददाता - ग्वालियर.
मप्र राज्य बैडमिंटन अकादमी से नतीजे मिलना शुरू हो गए हैं। समीर और सौरभ वर्मा के साथ श्रेयांश परदेशी ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपने खेल की दस्तक दे दी है। जल्द ही ग्वालियर के शटलर भी इंटरनेशनल लेवल पर अपनी चमक बिखेरते नजर आएंगे। मेरा प्रयास रहेगा कि प्रदेश के साथ इस शहर के लोगों की उम्मीदों पर भी खरा उतर सकूं। यह बात मप्र राज्य बैडमिंटन अकादमी के चीफ कोच और पद्म भूषण के लिए नामित पुलैला गोपीचंद ने अपने सम्मान समारोह में कही। जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त नागरिक अभिनंदन समारोह में पूर्व महापौर रघुनाथ पापरीकर, कलेक्टर पी. नरहरि, मप्र खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. शैलेंद्र श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने चीफ कोच गोपीचंद को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान श्री नरहरि ने गोपीचंद की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। साथ ही चीफ कोच से अपने जैसे कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनाने की इच्छा जाहिर की। वरिष्ठ नागरिक एवं समाजसेवी श्री पापरीकर ने पुलैला गोपीचंद की प्रशंसा करते हुए कहा कि बैडमिंटन में डेनमार्क और चीन के प्रभुत्व को खत्म करने वाले यह ही शटलर हंै। इनके दम पर ही भारत ने अपनी विशेष पहचान बनाई है। अभिनंदन समारोह में सर्वप्रथम खेल संगठनों, पार्षद, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक संस्थाओं और मीडिया से जुड़े लोगों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम अपर आयुक्त एमएल दौलतानी ने किया।