शान से फहराया तिरंगा
नगर संवाददाता - ग्वालियर
गणतंत्र दिवस रविवार को धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न संगठनों ने शान से तिरंगा फहराया। कंपू स्थित एसएएफ ग्राउंड पर मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने राष्ट्रध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। समारोह में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए और विभिन्न विभागों ने शासकीय योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां निकाली गईं।
इस दौरान कलेक्टर पी. नरहरि और एसपी संतोष कुमार सिंह ने परेड का निरीक्षण किया। उद्योग मंत्री ने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व कारगिल शहीदों के परिजन को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। एसएएफ की बटालियनों, जिला पुलिस बल, नगर सेना, बीएसएफ टेकनपुर डॉग स्क्वॉड, एनसीसी सीनियर ब्वॉयज व गल्र्स ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। बच्चों ने मलखंब पर योग करतब दिखाए। इस अवसर पर महापौर समीक्षा गुप्ता, विधायक भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ल, निगम सभापति बृजेंद्र सिंह जादौन, संभागायुक्त केके खरे, आईजी आदर्श कटियार, चंबल आईजी एसएम अफजल, अपर आयुक्त ग्वालियर संभाग अखिलेश श्रीवास्तव, एनसीसी ब्रिगेडियर एन. दत्ता, निगम कमिश्नर विनोद शर्मा, जिला पंचायत सीईओ सूफिया फारुकी सहित अन्य उपस्थित थे।
मलखंब को सराहा
कोहरे से घिरे एसएएफ ग्राउंड के मुख्य समारोह में दर्शकों ने मलखंब खूब सराहा। इसमें शामिल छोटे बच्चों ने लोगों को हैरत में डाल दिया। बालिका आत्म रक्षा व स्वास्थ्य विभाग के डेमो ((बाल हृदय योजना)) को भी सराहा गया। इस बार पुरस्कार व प्रमाण-पत्र ज्यादा बंटने से कार्यक्रम का समापन एक घंटा देरी से हुआ।
झंडावंदन के बाद हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
उच्च न्यायालय में प्रशासनिक न्यायाधिपति एसके गंगेले ने ध्वजारोहण किया। कमिश्नर केके खरे ने मोतीमहल कार्यालय और कलेक्टोरेट में कलेक्टर पी. नरहरि ने तिरांगा फहराया। इसके अलावा जनसंपर्क विभाग में संयुक्तसंचालक एचएल चौधरी, जीडीए में प्रभारी सीईओ वीके शर्मा, निगम कार्यालय में महापौर समीक्षा गुप्ता, चेंबर ऑफ कॉमर्स मे अध्यक्ष विष्णु गर्ग, ग्वालियर ग्लोरी स्कूल में डायरेक्टर अनीता वाधवानी ने और विक्रांत ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सीईओ आरएस राठौर और चेयरमैन पीएस विसेन ने ध्वजारोहण किया। आदित्य वल्र्ड स्कूल, एबनेजर टिनी टॉट्स स्कूल में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित हुए। शासकीय कन्या हाईस्कूल सिकंदर कंपू, शासकीय स्कूल ऑफ नर्सिंग जेए हॉस्पिटल, कैंसर हॉस्पिटल,एमएलबी कॉलेज, जीवाजी राव स्कूल, वसुंधरा राजे होम्योपैथिक कॉलेज, महिला मंडल स्कूल,दानाओली, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, आईटीएम यूनिवर्सिटी, कन्या सरस्वती स्कूल, सेंट्रल अकादमी स्कूल, जीपी कान्वेंट स्कूल, लोहामंडी स्कूल में गणतंत्र दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं मप्र अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ, भारत विकास परिषद शाखा विवेकानंद, भारतीय राष्ट्रीय मजदूर दल कार्यालय, ग्वालियर युवा विकास कल्याण संगठन, जेसीआई ग्वालियर रेनबो, संस्था अ विश, मप्र चित्रगुप्त विकलांग कल्याण एवं सामाजिक संगठन, मप्र मूक बधिर कल्याण संस्था, थाटीपुर नवनिर्माण समिति, कर्ण विकास सभा, इंटक, स्नेहालय, जैन मिलन महिला, कुशवाह समाज सर्वांगीण विकास परिषद, बालक सरस्वती स्कूल बादलगढ़ और जिला अभिभाषक संघ ग्वालियर ने भी गणतंत्र दिवस मनाया।
इस बार नहीं हुई छुट्टी
स्कूलों में 27 जनवरी को छुट्टी की घोषणा एसएएफ ग्राउंड के मुख्य कार्यक्रम के अंत में की जाती रही है पर इस बार ऐसा नहीं हुआ। इसी कारण सोमवार 27 जनवरी को भ्रम की स्थिति बनी और छात्र-टीचर छुट्टी के बारे में पूछते रहे। इस बार छुट्टी न होने के पीछे विभाग ने तर्क दिया कि पहले ही काफी छुट्टी हो चुकी हैं, अब परीक्षा नजदीक हैं, इसलिए छुट्टी नहीं की गई।
तीन घंटे भोजन का इंतजार
पद्मा विद्यालय में विशेष भोजन का आयोजन तय था।इसके लिए बच्चों को सुबह 10.30 बजे बुला लिया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश की उद्योग मंत्री यशोधरा के आने की घोषणा की गई थी पर व्यस्तता के कारण वे नहीं आ सकीं। बाद में दोपहर 1.15 बजे कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक व विधायक की मौजूदगी में छात्राओं को भोजन दिया गया।
परेड का निरीक्षण करतीं उद्योग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, साथ में पी. नरहरि।
एसएएफ ग्राउंड पर गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति देते स्कूली बच्चे।