30 अप्रैल तक मिलेगी संबद्धता
नगर संवाददाता - ग्वालियर
ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने से पहले जीवाजी यूनिवर्सिटी को कॉलेजों की संबद्धता क्लियर करनी होगी। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश की सभी यूनिवर्सिटी को निर्देशित किया है कि 30 अप्रैल तक हर हाल में कॉलेजों की संबद्धता क्लीयर करें। जिन कॉलेजों की संबद्धता क्लियर नहीं होगी, वे ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे।
जेयू से लगभग 400 कॉलेज संबद्ध हैं। इन कॉलेजों को संबद्धता अभी तक जुलाई तक मिल पाती थी जबकि एडमिशन प्रक्रिया मई से शुरू हो जाती है। इस बात को ध्यान में रखते हुए विभाग ने कहा है कि कॉलेजों की मान्यता के मानकों को परखकर 30 अप्रैल तक संबद्धता दें ताकि एडमिशन प्रक्रिया में देरी न हो। अभी तक कॉलेजों में एडमिशन पहले व संबद्धता की प्रक्रिया बाद में पूरी की जाती थी। निरीक्षण के दौरान ऐसे कॉलेजों में यदि कमियां भी मिलने पर भी संबद्धता खत्म नहीं की जाती थी, क्योंकि कॉलेज में एडमिशन हो चुके होते थे।
अब लगेगा जुर्माना: जिन कॉलेजों ने २४ जनवरी तक संबद्धता फीस जमा नहीं की है, उन्हें अब 25 प्रतिशत पेनाल्टी के साथ फीस जमा करनी होगा। 344 कॉलेजों में से अब तक 306 कॉलेजों ने फीस जमा की है। जबकि अन्य कॉलेजों की ओर से अभी तक फीस जमा नहीं की गई।
मूल्यांकन से मना किया तो कार्रवाई
जो प्राध्यापक व सहायक प्राध्यापक यूनिवर्सिटी की ओर से कराए जाने वाले मूल्यांकन कार्य व प्रश्न पत्र तैयार करने में सहयोग नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों की संबद्धता क्लीयर करने के दिए निर्देश