- Hindi News
- जेयू में अधिकारियों और कर्मचारियों के बदलेंगे विभाग
जेयू में अधिकारियों और कर्मचारियों के बदलेंगे विभाग
ग्वालियर - जीवाजी यूनिवर्सिटी में लंबे समय से जमे अधिकारी व कर्मचारियों के विभाग बदलेंगे। इसके लिए सोमवार को कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला व रजिस्ट्रार प्रो. आनंद मिश्रा ने चर्चा की।
ज्ञात हो कि उच्च शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि तीन साल से अधिक समय से एक ही शाखा में कार्य कर रहे अधिकारियों व कर्मचारियों के विभाग बदले जाएं। अगस्त माह में जारी किए गए इस निर्देश पर विभाग ने 70 कर्मचारियों का ट्रांसफर किया था। लेकिन कुछ ऐसे कर्मचारी थे जिन्होंने ट्रांसफर होने के बाद दूसरे विभाग में ज्वाइनिंग नहीं दी। इतना ही नहीं ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ जेयू प्रशासन ने कोई कार्रवाई भी नहीं की। हाल ही में उच्च शिक्षा मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कुलपति व रजिस्ट्रार को निर्देश दिए थे कि लंबे समय से जमे कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से ट्रांसफर किया जाए। अब जेयू प्रशासन फिर से सूची बनाने में जुट गया है जिनके विभाग बदले जाने हैं। रजिस्ट्रार प्रो. आनंद मिश्रा ने बताया कि कर्मचारियों के ट्रांसफर को लेकर कुलपति के साथ चर्चा हुई है। शीघ्र ही ट्रांसफर सूची जारी की जाएगी।