‘किडीज’ ने जीता कोका-कोला कप
ग्वालियर - किडीज कॉर्नर स्कूल ने कोका-कोला कप इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट जीता। उन्होंने टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में भारतीयम विद्या निकेतन की टीम को १० विकेट से करारी शिकस्त दी। मप्र क्रिकेट एसोसिएशन के निर्देश पर जीडीसीए की मेजबानी में आयोजित टूर्नामेंट में किडीज ने टॉस जीतकर भारतीयम को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। गेंदबाजों ने कप्तान के इस फैसले को सही ठहराते हुए विपक्षी टीम को ७८ रन के मामूली स्कोर पर समेट दिया। आकाश चौरसिया ((४८)) के अलावा कोई भी बल्लेबाज विपक्षी गेंदबाजों के आक्रमण के आगे दहाई का आंकड़ा छू नहीं सका। विनय कुशवाह ने सर्वाधिक चार विकेट झटके। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी किडीज कॉर्नर टीम ने बिना किसी नुकसान के ८.४ ओवर में १० विकेट से जीत अपने नाम कर ली। विजयी टीम की तरफ से नीरज ने ५४ रन की अर्धशतकीय जिताऊ पारी खेली।