एक और फर्जी मेडिकल छात्र पकड़ा
ग्वालियर - जीआरएमसी के सत्र 2010 बैच के एक और फर्जी मेडिकल छात्र रजनीकांत पुत्र रमेशचंद्र जाटव निवासी सिंगल बस्ती मुरैना को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इसने वर्ष 2006 में 3.50 लाख रुपए लेकर एक छात्र को बिना पीएमटी दिए ही मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलाया था। रजनीकांत ने पुलिस को यह भी बताया कि बाद में मामले की जांच होने पर एक प्रभावशाली व्यक्ति के माध्यम से व्यापमं से दस्तावेज भी गायब करा दिए गए थे। यह प्रभावशाली एक पुलिस अधिकारी का रिश्तेदार बताया गया है। इधर पुलिस ने सोमवार को विशाल यादव को साथ लेकर मुरार स्थित उसके मकान पर दबिश दी। यहां परिजन फरार मिले। विशाल से एसटीएफ एआईजी राजेश सिंह चंदेल ने भी पूछताछ की। बताया गया है कि विशाल ने व्यापमं के कुछ अधिकारियों के नाम भी बताए हैं। झांसी रोड थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक पुलिस पार्टी भोपाल में व्यापमं अधिकारियों की तस्दीक व दस्तावेज लेने के लिए भी भेजी गई है।
संदिग्ध छात्र की अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार: जिला सत्र न्यायाधीश जगदीश बाहेती की कोर्ट ने पीएमटी संदिग्ध छात्र सचिन यादव की अग्रिम जमानत याचिका सोमवार को स्वीकार कर ली है। चिकित्सा छात्र सचिन यादव 2009 बैच का छात्र है।