- Hindi News
- किचन में से होकर बनाया टॉयलेट बाथरूम का रास्ता
किचन में से होकर बनाया टॉयलेट-बाथरूम का रास्ता
नगर संवाददाता - ग्वालियर
सचिन तेंदुलकर मार्ग पर जीडीए की भगवान सिंह माथुर योजना में ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के फ्लैट में किचन में से होकर टॉयलेट या बाथरूम का रास्ता बना दिया गया है। ऐसा ३२ फ्लैट में ड्राइंग की गलती के कारण हुआ है। इस प्रकार ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के कुल 64 में से 32 फ्लैट में टॉयलेट और बाथरूम सेपरेट न करने की गलती की गई। तकनीकी अमले की इस गलती का खामियाजा फ्लैट खरीदने वाले को भुगतना पड़ेगा। इन सभी 64 फ्लैट का आवंटन हो चुका है, बस कब्जा देना बाकी है।
ग्वालियर विकास प्राधिकरण ने करीब चार साल पहले सचिन तेंदुलकर मार्ग पर भगवान सिंह माथुर योजना को प्रस्तावित कर फ्लैट बनाए। कमजोर आय वर्ग के लोगों के लिए 64 फ्लैट के साथ सामान्य एचआईजी और एमआईजी वाले कुल 62 फ्लैट बनाए गए। इसमें अभिकल्प कंसल्टेंट ने बतौर आर्किटेक्ट कंसल्टेंट के रूप में काम किया। इनमें से ईडब्ल्यूएस फ्लैट में एक ही कमरा है। फ्लैट में कमरे की ओर से सेपरेट टॉयलेट-बाथरूम दिया जाना था। ड्राइंग में गलती कर टॉयलेट-बाथरूम का रास्ता कमरे से न देते हुए किचन के गेट के अंदर बना दिया है। टॉयलेट और किचन की एक ही दीवार बना दी है।
अधिकारियों ने नहीं दिया ध्यान: एक नहीं, 32 फ्लैट में ड्राइंग की गलती की गई। जीडीए के प्लानिंग सेक्शन ने ड्राइंग अप्रूव की और आर्किटेक्ट ने फ्लैट बनाना शुरू कर दिए। इसके बाद आर्किटेक्ट और जीडीए के अफसरों ने ध्यान नहीं दिया। किसी ने चेक ही नहीं किया कि फ्लैट ड्राइंग के मुताबिक बन रहे हैं या नहीं।