प्रवेश पत्र के लिए भटकते रहे छात्र
ग्वालियर - मध्यप्रदेश नर्सिंग काउंसिल की ओर से मंगलवार को आयोजित सीएनएसआर, एएनएम की परीक्षा में प्रवेश पत्र नहीं आने के कारण कुछ छात्रों को परेशान होना पड़ा। करीब दो दर्जन छात्र ऐसे थे जो प्रवेश पत्र के लिए परेशान होते रहे। एएनएम प्रथम वर्ष की कम्युनिटी हेल्थ, द्वितीय वर्ष की चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग तथा सीएनएसआर की परीक्षा मंगलवार से प्रारंभ हुईं। इसके लिए जेएएच के नर्सिंग स्कूल, कैंसर हॉस्पिटल, सर्वधर्म नर्सिंग कॉलेज में सेंटर बनाया गया है। नर्सिंग काउंसिल छात्रों को प्रवेश पत्र जारी कर परीक्षाएं करानी है। मंगलवार को उक्त परीक्षा में दो दर्जन छात्रों के प्रवेश पत्र नहीं आए। इस कारण पहले सेंटर संचालक ने बैठने से मना कर दिया। मामला तूल पकड़ते देख कॉलेजों ने काउंसिल की रजिस्ट्रार अंगूरी देवी से चर्चा करने के बाद छात्रों से अंडर टेकिंग लेकर परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी।