वार्ड क्रमांक एक का विजयी आगाज
खेल संवाददाता - ग्वालियर
वार्ड क्रमांक एक की टीम ने यहां खेली जा रही राजमाता विजयाराजे सिंधिया ग्वालियर प्रीमियर लीग ((अंतर वार्ड डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट)) में विजयी आगाज किया। उन्होंने मंगलवार से प्रारंभ हुए प्री-क्वालिफाइंग मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई।
जीवाजी विवि के खेल मैदान पर आयोजित प्री-क्वालिफाइंग मुकाबलों का उद्घाटन मेला प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष अनुराग बंसल, सभापति बृजेंद्र सिंह जादौन और पूर्व महापौर विवेक शेजवलकर ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया। टेन-10 ओवर के इस टूर्नामेंट में पहले दिन जीविवि के पांच मैदानों पर ४३ मुकाबले खेले गए। मंगलवार के प्री-क्वालिफाइंग मुकाबलों में वार्ड २, ३, ४, १५, २२, २५, २७,२८, ३६, ३७, ३८, ४५, ५६ और वार्ड क्रमांक ६० की टीम ने जीत दर्ज कर दूसरे दौर में जगह सुनिश्चित की।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष क्रिकेट टूर्नामेंट में विभिन्न वार्डों की ३७५ टीमें अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी। टूर्नामेंट में बुधवार को खेल मंत्री यशोधराराजे सिंधिया के पुत्र अक्षयराजे विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। अंतर वार्ड क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर रामेश्वर भदौरिया, नीरज त्यागी, हरीश भोजवानी, समित कालरा और नितिन चतुर्वेदी आदि उपस्थित थे।
ग्वालियर प्रीमियर लीग के प्री-क्वालिफाइंग मुकाबले हुए शुरू