भगवत नाम से दूर हो जाता है भय
ग्वालियर - भगवत नाम से सारे भय दूर हो जाते हैं। भगवत नाम सारे पाप, ताप, संताप और क्लेश का नाश करता है। कोई भी क्लेश चाहे गृह जनित हो, दैविक हो, दैहिक हो, भौतिक हो सभी का नाश भगवान का नाम लेने से हो जाता है। यह विचार संत स्वामी रामप्रसाद ने बुधवार को रामद्वारा में धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने बताया कि विभीषण बहुत संताप में था। हनुमान जी के कहने से उसने राम नाम का आश्रय लिया तो उसे पारिवारिक क्लेशों से मुक्ति मिल गई। नवग्रहों ने हनुमान जी को यह वचन दिया है कि जो राम नाम का आश्रय करेंगे उन्हें हम भी दुखी नहीं करेंगे, क्योंकि भगवान का भक्त सब में परमात्मा का ही दर्शन करता है। इसलिए वह समस्त क्लेशों से मुक्त रहता है। स्वामी जी ने कहा- प्रहलाद को पिता ने ही कष्ट देने का प्रयास किया, लेकिन प्रहलाद निरंतर भगवान नाम का आश्रय लेता था। इसलिए समस्त कष्टों से उन्हें मुक्ति प्राप्त हुई। कितने ही जीवन में अनिष्ट हों, लेकिन भगवान के नाम का आश्रय लेते हैं तो अनिष्टों की निवृत्ति हो जाती है और मनोवांछित फल प्राप्त हो जाता है।