एक फरवरी से बेड से ही लिए जाएंगे सैंपल
नगर संवाददाता - ग्वालियर
जिला अस्पताल और जच्चाखाना मुरार में भर्ती होने वाले मरीजों को अब जांच के लिए सैंपल देने पैथोलॉजी लैब नहीं जाना होगा। मरीजों के सैंपल बेड से ही लिए जाएंगे। यह व्यवस्था एक फरवरी से लागू हो जाएगी।
जच्चाखाना और जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीज को पैथोलॉजी जांच के लिए सैंपल देने पैथोलॉजी लैब जाना पड़ता था। यदि मरीज जाने की स्थिति में नहीं होता है तो उसके परिजन सैंपल लेकर जाते हैं। जच्चाखाना मुरार में बीते सप्ताह एक प्रसूता ने सड़क पर नवजात शिशु को जन्म दे दिया था। इस घटना के बाद सिविल सर्जन ने जिला अस्पताल और जच्चाखाना में भर्ती होने वाले मरीजों के सैंपल बेड से ही लेने के आदेश जारी कर दिए हैं। जच्चाखाने की ओपीडी में दिखाने आने वाली प्रसूताओं के सैंपल भी अब जच्चाखाने में ही लिए जाएंगे। सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि सैंपल लेने के लिए एक कर्मचारी जच्चाखाने में तैनात किया जाएगा, जो सैंपल लेने के बाद पैथोलॉजी लैब पहुंचाएगा।