बेपटरी हुआ इंजन, दो घंटे खड़ी रही झेलम
नगर संवाददाता - ग्वालियर
रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम झेलम एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया। इसके चलते ट्रेन दो घंटे तक रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। इसके बाद इसमें दूसरा इंजन लगाकर झांसी की ओर रवाना किया। इंजन पटरी से उतर जाने के कारण प्लेटफार्म नंबर एक पर आने वाली ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर दो व तीन से रवाना की गईं।
जम्मूतवी से पुणे जाने वाली झेलम एक्सप्रेस का इंजन रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम 5.50 मिनट पर फेल हो गया। इंजन फेल होने की जानकारी मिलते ही शंटिंग इंजन को मौके पर भेजा गया, ताकि इसमें दूसरा इंजन लगाया जा सके। शंटिंग इंजन जब झेलम के इंजन को ले जा रहा था तभी आरआरआई केबिन के सामने पॉइंट नंबर 106 पर इंजन पटरी से उतर गया। ट्रेन को रवाना करने के लिए पहले उसे वापस बिरला नगर की ओर ले जाया गया। इसके बाद उसे प्लेटफार्म नंबर दो पर लाकर शाम 7.50 पर पुणे के लिए रवाना किया गया। इंजन के पटरी से उतर जाने के कारण प्लेटफार्म नंबर एक पर आने वाली केरला, उत्कल, पातालकोट, गोवा एक्सप्रेस सहित तमाम ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर दो व तीन से रवाना किया गया। वहीं इंजन रात ग्यारह बजे पटरी पर लाया जा सका। इसके बाद देर रात तक ट्रैक को ठीक करने का काम चलता रहा।