- Hindi News
- रोजगार के लिए सरकार ने चलाई योजनाएं: माया
रोजगार के लिए सरकार ने चलाई योजनाएं: माया
ग्वालियर - महिलाओं और युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। किसानों और व्यापारियों का भी खासा ध्यान रखा है। यह बात महिला एवं बाल विकास मंत्री माया सिंह ने जयेंद्रगंज में आयोजित स्वागत समारोह में कही। उन्होंने कहा कि विधवा, परित्यक्ता व अन्य किसी वजह से परेशान महिलाओं के लिए 12 विषयों में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जाएगा। 12वीं तक शिक्षा प्राप्त 45 साल तक की महिलाओं की विश्वविद्यालयों में पढ़ाई करवाई जाएगी।
जंगल से लकड़ी बरामद, ग्रामीण भागे
ग्वालियर - डबका के जंगलों में गश्त कर रही वन विभाग की टीम ने लगभग २५ हजारों रुपए की खैर की लकड़ी बरामद की है। टीम को देख ग्रामीण अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। वन चौकी रेंहट दक्षिण के प्रभारी अतर सिंह पाल के नेतृत्व में राजकुमार दांगी, रामकिशन मौर्य, राहुल सिकरवार, जेनेंद्र पाठक और राकेश बंसल डबका के जंगल में बुधवार रात गश्त के लिए निकले। इन्हें पहाड़ी पर बैलगाड़ी जाती दिखाई दी। टीम को देख ग्रामीण बैलगाड़ी से कूदकर भाग गए। टीम ने पांच क्विंटल खैर की लकड़ी और बैलगाड़ी बरामद कर ली।
शहरवासियों ने राष्ट्रपिता को किया नमन
ग्वालियर - राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को शहरवासियों, राजनीतिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने उन्हें नमन कर याद किया। संभागायुक्त कार्यालय में अपर आयुक्त अखिलेश श्रीवास्तव सहित अधिकारियों व कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रख शहीदों को श्रद्धांजलि दी। जिला न्यायालय में जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगदीश बाहेती, विशेष न्यायाधीश जगत मोहन चतुर्वेदी एवं न्यायालय के समस्त न्यायाधीशों ने दो मिनट का मौन रखा। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दर्शन सिंह की अध्यक्षता में गांधी पार्क में कांग्रेस पदाधिकारियों ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। निगम मुख्यालय में भी अधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर दल व बुद्विजीवी जागरूक मंच ने गांधी पार्क में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। थाटीपुर नवनिर्माण समिति के पदाधिकारियों ने भी गांधी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।