- Hindi News
- ‘रसूखदार जांच को प्रभावित नहीं कर पाएंगे’
‘रसूखदार जांच को प्रभावित नहीं कर पाएंगे’
नगर संवाददाता - ग्वालियर
पीएमटी फर्जीवाड़े की जांच को कोई रसूखदार प्रभावित नहीं कर पाएगा। प्रभावशाली लोगों के परिचितों को लाभ देने की बातें अफवाहें हैं। इन बातों पर कतई भरोसा नहीं किया जाए। हमें अपनी पुलिस पर पूरा भरोसा है कि इस मामले की जांच वह निष्पक्ष ढंग से करेगी इसलिए सीबीआई को इसकी जांच नहीं सौंपी जाएगी। यह बात गृहमंत्री बाबूलाल गौर ने एसपी ऑफिस सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
फर्जी तरीके से प्री मेडिकल टेस्ट में पास होकर जो छात्र एमबीबीएस कर रहे हैं, जिस रैकेट के जरिए यह इन्होंने अपना सिलेक्शन कराया है वह कोई भी कार्रवाई से नहीं बचेगा। भाजपा नेताओं, पुलिस अफसरों के रिश्तेदारों के इस मामले में फंसे होने की वजह से जांच प्रभावित होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सब अफवाहें हैं कृपया इन पर ध्यान नहीं दिया जाए। इस मामले में पुलिस किसी के प्रभाव में नहीं आएगी, कोई भी रसूखदार हो उसके खिलाफ सुबूत मिलते हैं तो कार्रवाई निश्चित है। पुलिस और एसटीएफ द्वारा एक ही मामले में जांच किए जाने से इसके प्रभावित होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि 2006 से 2010 तक के 132 छात्रों की जांच पुलिस कर रही है।अन्य मामलों की जांच एसटीएफ कर रही है इसलिए इस वजह से जांच प्रभावित नहीं हो सकती है। इस मुद्दे पर आगे कहा कि उन्हें अपनी पुलिस पर पूरा भरोसा है इसलिए इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश नहीं की जाएगी।
जटिया पर कार्रवाई के सवाल पर हो गए खामोश
श्री गौर से जब पूछा गया कि सीबीआई पर केंद्र के प्रभाव में काम करने का आरोप लगता रहता है क्या आपको भी ऐसा लगता है इस पर उन्होंने कहा कि सीबीआई अच्छा काम कर रही है लेकिन जब उनसे पूछा गया कि भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी सत्यनारायण जटिया के रिश्तेदारों के यहां पर सीबीआई का छापा भी अच्छा काम है तो वे खामोश हो गए।
मकसद, पुलिस को खोजी बनाना
श्री गौर ने कहा कि पुलिस को सड़क और चौराहों पर दिखाई देना चाहिए। मेले-ठेलों की व्यवस्थाएं भी पुलिस की जानकारी में हों ताकि रतनगढ़ जैसा हादसा दोबारा न हो। हमें पुलिस को खोजी पुलिस बनाना है।
अपराध तो होंगे
गृहमंत्री श्री गौर से पूछा गया कि उनके आने के बाद क्या परिवर्तन होंगे, क्या अपराध बंद हो जाएंगे। इस पर उन्होंने कहा कि अपराध तो होंगे। लेकिन पुलिस भी सख्त होगी।
पीएमटी फर्जीवाड़ा - प्रदेश के गृह मंत्री बाबूलाल गौर ने कहा- हमें अपनी पुलिस पर भरोसा है