- Hindi News
- केंद्रीय मूल्यांकन कराने के लिए सरकारी शिक्षकों को नहीं बुलाया
केंद्रीय मूल्यांकन कराने के लिए सरकारी शिक्षकों को नहीं बुलाया
ग्वालियर - केंद्रीय मूल्यांकन कराने के लिए जीवाजी यूनिवर्सिटी प्रशासन सरकारी कॉलेज के शिक्षकों को बुलाना फिर भूल गया है। जेयू की ओर से स्नातक व स्नातकोत्तर सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं। सरकारी कॉलेज के शिक्षकों का कहना है कि मूल्यांकन कराने के लिए अब तक उन्हें जेयू की ओर से कोई बुलावा नहीं आया।
उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर की यूनिवर्सिटी को निर्देश दिए थे कि अतिथि विद्वानों से कॉपियां नहीं जंचवाई जाएं। साथ ही मूल्यांकन कार्य केवल नियमित शिक्षकों से कराया जाए। सूत्रों के मुताबिक उच्च शिक्षा विभाग के इन निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा। एमएलबी कॉलेज के शिक्षक डॉ. गोपाल घोष व डॉ. अयूब खान का कहना था कि मूल्यांकन के लिए उन्हें अब तक यूनिवर्सिटी की ओर से कोई सूचना नहीं मिली है। शिवपुरी व गुना कॉलेज की ओर से बिना जांचे कॉपियां भी वापस की जा चुकी हैं। शिक्षकों का आरोप था कि जेयू प्रशासन समय पर भुगतान नहीं करता तो वे कॉपियां क्यों जांचे।
परीक्षा खत्म होने के बाद तैयार हो रही सूची: सेमेस्टर परीक्षा खत्म होने के एक से डेढ़ माह बाद जेयू ने केंद्रीय मूल्यांकन के लिए अशासकीय व अनुदान प्राप्त कॉलेजों से शिक्षकों के नाम की सूची मांगी है।