जांच पूरी, कठघरे में आए आरोपी निरीक्षक
यौन उत्पीडऩ मामला : सीएसपी ने आईजी को भेजी रिपोर्ट
भास्कर संवाददाता - इंदौर
पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल ((पीआरटीएस)) के निरीक्षक पर लगे यौन उत्पीडऩ के आरोप की जांच सीएसपी ने पूरी कर ली है। इसकी रिपोर्ट आईजी को भेजी जिसमें निरीक्षक के खिलाफ बयान भी हुए। इस आधार से उन पर कार्रवाई हो सकती है।
पीआरटीएस की महिला अधिकारी ने प्रशासन प्रभारी निरीक्षक ((रेडियो)) शिवकुमार गुप्ता पर यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाते हुए 14 दिसंबर 2013 को डीजीपी सहित अन्य अफसरों से शिकायत की थी। आईजी विपिन माहेश्वरी ने सीएसपी सिमाला प्रसाद को इसकी जांच की जिम्मेदारी दी थी। सीएसपी ने पीडि़ता, पीआरटीएस के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के बयान लिए। सूत्रों के मुताबिक जांच में निरीक्षक पर लगे आरोपों की पुष्टि हो रही है। आईजी ने बताया उन्होंने जांच रिपोर्ट नहीं देखी।
यह हो सकती है कार्रवाई- जांच रिपोर्ट देखने के बाद आईजी इसे डीजीपी को भेजेंगे। डीजीपी ही तय करेंगे कि क्या कार्रवाई हो सकती है। जानकारों के मुताबिक दोष साबित होने पर निरीक्षक पर आपराधिक केस या विभागीय कार्रवाई हो सकती है।