पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • इंदौर, शाजापुर, सनावद में ओले

इंदौर, शाजापुर, सनावद में ओले

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. बुधवार रात को तेज हवा के साथ हुई बारिश ने शहर के लगभग हर हिस्से में बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया था। गुरुवार रात को फिर बेमौसम बारिश के साथ ओले भी गिरे। सुदामा नगर, मूसाखेड़ी, छावनी सहित शहर के मध्य क्षेत्र में चने से बड़े आकार के ओले गिरे कई इलाकों में पानी भी भर गया।

बुधवार रात 9 बजे तेज बारिश के साथ अधिकांश इलाकों में लाइट गुल हो गई। 10-15 मिनट इंतजार के बाद लोगों ने जोन कार्यालयों पर फोन लगाना शुरू किया। कहीं ट्रांसफार्मर में धमाका, कहीं खंभे पर शॉट सर्किट, कहीं केबल जल जाने के मामले सामने आते चले गए। जहां केबल जल गई वहां तो गुरुवार सुबह ही लोड बदलने का काम शुरू हो पाया। सुबह 10 बजे तक टीमें कॉलोनियों में जाकर फाल्ट ठीक कर पाई।

इन कॉलोनियों में नहीं थी बिजली : अंबिकापुरी, विंध्याचल नगर, गांधी नगर, धर्मराज कॉलोनी, गंगा कॉलोनी, नूरानी नगर, स्कीम 71, 51, संगम नगर, रामबली नगर, सुदामा नगर, खिजराबाद, खजराना, पीपल्याहाना, निपानिया, अंकुर आंगन, धीरज नगर, अलकापुरी, मूसाखेड़ी।

बीएसएनएल 3जी नेटवर्क ठप न कॉल आए न ही लगा पाए

बीएसएनएल का थ्रीजी नेटवर्क गुरुवार शाम अचानक ठप हो गया। लगभग दो घंटे तक हजारों उपभोक्ताओं को नेटवर्क नहीं मिल पाया। इससे थ्री जी फोन पर आउट गोइंग और इन कमिंग सुविधा बंद हो गई। बाद में खुद महाप्रबंधक ने पहुंचकर स्थिति देखी और तकनीकी खराबी दुरुस्त करवाई। हालांकि इसके बाद भी नेटवर्क में देर रात तक पूरी तरह सुधार नहीं हो पाया था। बीएसएनएल के शहर में हजारों थ्रीजी उपभोक्ता हैं।

ऐसे परेशान हुए हजारों उपभोक्ता
एमएससी (मेन स्विचिंग सेंटर) में आई पॉवर की समस्या के कारण हजारों उपभोक्ता परेशान होते रहे। बताते हैं कि यह परेशानी 40 हजार से ज्यादा मोबाइल उपभोक्ताओं को उठाना पड़ी। स्थिति यह थी कि अन्य नेटवर्क से तो बीएसएनएल मोबाइल पर कॉल नहीं लग रहे थे और बीएसएनएल के मोबाइल से किसी अन्य नेटवर्क या बीएसएनएल नेटवर्क पर भी कॉल नहीं लग रहे थे।

थ्रीजी का इंटरनेट भी पूरी तरह ठप था। अचानक फोन बंद होने से उपभोक्ता कुछ समझ ही नहीं पाए। सबसे ज्यादा दिक्कत उन उपभोक्ताओं को आई जिनके पास एक ही सिम है। क्योंकि फोन बंद होने से उनका लोगों से संपर्क पूरी तरह टूट गया।