- Hindi News
- स्कूल के सामने सुविधाघर, स्टाफ छात्रों ने जताया विरोध
स्कूल के सामने सुविधाघर, स्टाफ-छात्रों ने जताया विरोध
इंदौर - नगर निगम ने शहर में आम लोगों की सुविधा देने के लिए सुविधाघरों ((सुलभ शौचालय)) का काम शुरू किया है। शुरुआत में ही इनका विरोध भी सामने आया है। मामला चिमनबाग के पास नूतन हायर सेकंडरी स्कूल के बाहर का है। यहां सुविधाघर निर्माण पर स्कूली छात्रों और स्टाफ ने आपत्ति ली है।
निर्माण की जानकारी स्कूल को जानकारी मिली तो उन्होंने पार्षद और महापौर से विरोध किया। शुक्रवार को प्रोजेक्ट प्रभारी व सिटी इंजीनियर विनोद सराफ मौके पर पहुंचे। निगम का तर्क है एमजी रोड के कोने से जेल रोड और भंडारी ब्रिज तक एक भी सुविधाघर नहीं है। सराफ के मुताबिक मामूली विरोध था। हमने समझाया अत्याधुनिक तकनीक से यह निर्माण होगा, इससे किसी तरह की परेशानी नहीं। अफसरों का तर्क है चिमनबाग पर भी आए दिन स्कूली छात्रों से लेकर स्पोट्र्स और अन्य कई तरह के आयोजन होते हैं। अंदर बनाएंगे तो छात्रों को ज्यादा परेशानी होगी। इसलिए हम बाहर बना रहे हैं।
करीब 11 लाख की लागत से यह निर्माण होगा। इसमें छात्रों के लिए चेंजिंग रूम भी बनाएंगे।
इधर, प्राचार्य राजेंद्र मकवानी का कहना है कि यह प्रतिष्ठित स्कूल है। यदि मुख्य गेट के पास ही बना देंगे तो स्कूल की पहचान शौचालय के नाम से हो जाएगी। हमारे पास तो यह सुविधा पहले से है। यही बात छात्रों ने भी कही। उनका कहना था क्षेत्रीय पार्षद को भी हम परेशानी बता चुके हैं। यदि आगे निर्माण हुआ तो हम विरोध करेंगे।
एक साल में बनेंगे 32 स्थानों पर
सराफ के मुताबिक कुल 32 स्थानों पर 11-11 लाख रुपए की लागत से यह निर्माण होंगे। मालवा मिल पर पुराने को तोड़कर नया बनाएंगे, बाकी जगह नए ही बनेंगे। जमीनों को लेकर जरूर परेशानी आ रही है, लेकिन 10 से ज्यादा स्थानों पर काम शुरू हो गया है। अखिल भारतीय पर्यावरण संस्था व सुलभ इंटरनेशनल सहित दिल्ली की तीन कंपनियां इनका निर्माण कर रही हैं, जो हर दृष्टि से आधुनिक होंगे। एक साल में यह काम पूरा हो जाएगा।