दिल्ली और मुंबई की आठ उड़ानें लेट
इंदौर। शुक्रवार शाम को दिल्ली व मुंबई से जुड़ी आठ उड़ानें एक से डेढ़ घंटा देरी से आई व गईं।
विमानतल के अनुसार दिल्ली से आने वाली उड़ानें वहां कोहरे के कारण और मुंबई से आने वाली उड़ानें कंजेशन के कारण देरी से आईं। इसके कारण इनके लौटने में भी देरी हो गई। शाम 4.25 बजे मुंबई से इंदौर आकर 4.55 बजे वापस जाने वाली जेट की उड़ान शाम 6 बजे इंदौर आई। दिल्ली से शाम 6.20 बजे इंदौर आकर 6.50 बजे नागपुर जाने वाली उड़ान 7.30 बजे आई। जेट की शाम 7.30 बजे मुंबई से इंदौर आकर 8 बजे फिर मुंबई जाने वाली उड़ान 8.25 बजे आई। इसी तरह एयर इंडिया की शाम 7.30 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 8 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान 8.30 बजे आई। इन उड़ानों के लेट होने के कारण यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।