दिल्ली और मुंबई की आठ उड़ानें लेट
भास्कर संवाददाता - इंदौर
पिछले कुछ दिनों से लगातार बिगड़ रहा फ्लाइट शेड्यूल शुक्रवार को भी बिगड़ा ही रहा। शाम को दिल्ली और मुंबई से जुड़ी आने और
जाने वाली कुछ आठ उड़ानें एक से डेढ़ घंटा देरी से आई व गई।
विमानतल से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली से आने वाली उड़ानें वहां कोहरे के कारण और मुंबई से आने वाली उड़ानें वहां कंजेशन के कारण देरी से आई। इसके कारण इनके लौटने में भी देरी हो गई। शाम 4.25 बजे मुंबई से इंदौर आकर 4.55 बजे वापस मुंबई जाने वाली जेट की उड़ान शाम 6 बजे इंदौर आई। दिल्ली से शाम 6.20 बजे इंदौर कर 6.50 बजे नागपुर जाने वाली उड़ान 7.30 बजे आई। जेट की शाम 7.30 बजे मुंबई से इंदौर आकर 8 बजे वापस मुंबई जाने वाली उड़ान 8.25 बजे आई। इसी तरह एयर इंडिया की शाम 7.30 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 8 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान 8.30 बजे
आई। उक्त सभी उड़ानों के देरी से आने और जाने के कारण यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।