- Hindi News
- चाय बनाते समय भाई के सामने जली आठ साल की मासूम की मौत
चाय बनाते समय भाई के सामने जली आठ साल की मासूम की मौत
भास्कर संवाददाता - इंदौर
स्टोव पर चाय बनाते समय जली आठ साल की बच्ची की सोमवार सुबह मौत हो गई।
राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार बच्ची का नाम मुस्कान पिता मांगीलाल परिहार निवासी कमल नगर राऊ है। पिता ड्राइवर है, जबकि मां शकुंतला मजदूरी करती है। मुस्कान के तीन बड़े भाई नरेंद्र ((21)), शुभम ((18)) और विकास ((12)) हैं। 8 जनवरी को बच्ची के माता-पिता काम पर गए थे। घर में भाई विकास ही था। शाम को बच्ची दोनों के लिए स्टोव के पास बैठकर चाय बना रही थी। इसी दौरान स्टोव भभक गया और उसके कपड़ों में आग लग गई। विकास ने बहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग नहीं बुझी। बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग आए और आग बुझाई। तब तक वह 50 प्रतिशत से ज्यादा जल चुकी थी। उन्होंने बच्ची को एमवाय अस्पताल में भर्ती किया। सोमवार सुबह पौने पांच बजे उसकी मौत हो गई।