- Hindi News
- देशभक्ति के साथ बिखेरे लोक संस्कृति के रंग, माघ में कराया फागुन का अहसास
देशभक्ति के साथ बिखेरे लोक संस्कृति के रंग, माघ में कराया फागुन का अहसास
भास्कर संवाददाता - बड़वानी
गणतंत्र दिवस पर शहर के डीआरपी लाइन मैदान पर मुख्य समारोह हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मतदाता जागरुकता, लोक संस्कृति के साथ होली के रंगों से माघ में फागुन का अहसास कराया। उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने भी तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। सुबह 9 बजे कलेक्टर शोभित जैन ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री का संदेश वाचन कर गुब्बारे छोड़े गए। हर्ष फायर कर जवानों ने राष्ट्रपति के जयघोष लगाए। समारोह में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना, वन विभाग, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर डिवीजन, स्काउट-गाइड दल ने बैंड की धुन पर मार्च पास्ट किया। अतिथियों ने शहीद संतोष चौहान व शहीद राबर्ट मार्टिन के परिजन को शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। मप्र गान के बाद कन्या उमावि, सरस्वती शिशु मंदिर, महात्मा गांधी मैमोरियल स्कूल, नर्मदा कान्वेंट, सेंट जोसफ स्कूल के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पीटी की प्रस्तुति दी।
खिलाडिय़ों को मिला सम्मान : राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर तारिका मोरे, लक्ष्मी रेवाराम, विमला अलावे, रामलाल नहारसिंह, रमेश जगन, सुखलाल रायसिंह एवं खेल प्रशिक्षक रोहित रावत को राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद स्पर्धा में श्रेष्ठ प्रदर्शन पर सम्मानित किया।
प्रतिभाओं को मिला सम्मान
बेहतर परीक्षा परिणाम लाने पर समारोह में विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। सुनील सोलंकी, शुभम सनियर, अर्जुन मंडलोई, निर्मल निगवाल, दीपक देवड़े, ज्योति डावर, सचिन नरगावे, प्रियंका सोलंकी, भीमसिंह जमरे, पल्लवी मोरी, राजा चितावले, विक्रम गाठे, निशा जपाले, निशा बोरवाल, सरस्वती सनोरिया को नेहरू पुरस्कार एवं भीमराव अम्बेडकर पुरस्कार योजना के तहत सम्मानित किया गया।
साहस का सम्मान : समारोह में अतिथियों ने नगर पालिका सीएमओ कुशलसिंह डोडवे को प्रशंसा पत्र भेंटकर सम्मानित किया। श्री डोडवे ने मार्च 2013 में नर्मदा नदी में गिरे वाहन को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
शिक्षा प्रोत्साहन के लिए पंचायतों को मिला पुरस्कार : शिक्षा क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने पर ग्राम पंचायत लोनसरा, देरवालिया, बडग़ांव, कुसमरी, धनोरी, भैसदड़, कानसूल को 25-25 हजार रुपए की राशि भेंटकर सम्मानित किया। इसी तरह अतिथियों ने ग्राम पंचायत पखालिया, बिलवानी, खेड़ी, कुमठाना के सरपंचों को 25-25 हजार रुपए व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान किया।
इन आश्रम/छात्रावासों को उत्कृष्टता पुरस्कार : कन्या प्री मेट्रिक छात्रावास हिंगवा, आदिवासी कन्या प्री मेट्रिक उत्कृष्ट छात्रावास राजपुर, आदिवासी बालक उत्कृष्ट शिक्षा संस्थान बड़वानी को उत्कृष्टता पुरस्कार के तहत 25, 15 एवं 10 हजार रुपए देकर सम्मानित किया। जिले की तीन आश्रम शालाओं को पुरस्कृत किया गया। कन्या आश्रम सेंधवा, कन्या आश्रम मदरानिया, कन्या आश्रम शाला राजपुर को उत्कृष्टता पुरस्कार के तहत 25, 15 व 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया।
अंतरजातीय विवाह करने पर मिला सम्मान : अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत रंजन वर्मा व इंदू, जितेंद्र पालीवाल व सीमा, नरेंद्र सिर्वी व सुमन, सुभाष व पूजा को 50-50 हजार रुपए एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया।
जगदीश पाटीदार को मिला सर्वोत्तम किसान पुरस्कार : आत्मा के तहत खेती कार्य में श्रेष्ठ उत्पादन पर कुंडिया के जगदीश पाटीदार को 25 हजार रुपए, सजवानी की लक्ष्मी स्वसहायता समूह को 20 हजार रुपए व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।
ध्वज में अटके गुब्बारे
श्री जैन ने संदेश वाचन के बाद छोड़े गुब्बारे आसमान में उडऩे की बजाय ध्वज में अटक गए। इसे बाद में जनसंपर्क अधिकारी एवं अन्य कर्मचारियों ने सम्मान के साथ आसमान में उडऩे के लिए ध्वज से अलग किया।
एक लड्डू देने पर रोष
विद्यालयों में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर विद्यार्थियों को बिस्किट या लड्डू वितरित किए गए। कुछ विद्यालयों में एक लड्डू मिलने पर विद्यार्थियों ने रोष भी जताया। वहीं कुछ विद्यार्थियों ने जिला प्रशासन के समक्ष पेपर कटिंग दिखाकर दो की बजाय एक लड्डू देने की शिकायत की।
संदेश दिया, पुरस्कार जीता
प्रथम : उत्कृष्ट स्कूल के विद्यार्थियों ने मतदाता जागरुकता पर आधारित वोट नाखणे तू भी आवसे रे.. गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी।
द्वितीय : शासकीय बालक उमावि क्रमांक-2 के छात्रों ने हो जाओ तैयार साथियों हो जाओ तैयार.. गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी।
तृतीय : एकलव्य आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने होलिया में उड़े रहे गुलाल कहीयों रे मंगेतर से.. गीत पर नृत्य किया।
विभागों ने निकाली झांकी
ञ्चप्रथम : आदिवासी विकास विभाग एवं जिला शिक्षा केंद्र ने 12 मुद्राओं में सूर्य नमस्कार की झांकी प्रस्तुत की।
ञ्चद्वितीय : स्वास्थ्य विभाग की झांकी में नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई व सेवाओं का दृश्य प्रस्तुत किया।
ञ्चतृतीय : सामाजिक न्याय विभाग की झांकी में समग्र खिड़की योजना की जानकारी दी गई।
ञ्चउद्यानिकी विभाग ने झांकी से ग्रीन हाऊस में फूलों की संरक्षित खेती, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल संरक्षण, कृषि विभाग ने जैविक खेती व मेरी खेती मेरी माटी उपयोजना की जानकारी दी। लोक सेवा केंद्र, वन, तकनीकी शिक्षा व कौशल विकास, पशु अस्पताल व निर्वाचन कार्यालय ने झांकी से विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
सूरज के रथ पे चढ़कर दुनिया हम जीतेंगे गीत पर नृत्य प्रस्तुत करते आशा बाल मंदिर के बच्चे।
होलिया में उड़े रे गुलाल गीत पर नृत्य की प्रस्तुति देते एकलव्य आवासीय विद्यालय के विद्यार्थी।
गणतंत्र दिवस - डीआरपी लाइन मैदान में मुख्य समारोह, बैंड की धुन पर जवानों ने दी सलामी, विद्यार्थियों ने निकाली प्रभात फेरी , सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी
गणतंत्र दिवस की 65वीं वर्षगांठ जिले में मनाई गई। सभी विभागों और शैक्षणिक संस्थाओं में तिरंगा फहराया गया। ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने प्रभातफेरी निकाली। इस अवसर पर उन्हें बिस्किट तो कहीं लड्डू वितरित किए गए। मध्याह्न भोजन में विद्यार्थियों को विशेष भोजन परोसा गया।