जिसे समझे थे गेंद वह निकला हथगोला
भास्कर संवाददाता - पलसूद/बड़वानी
पलसूद की सांई कॉलोनी में खाली जमीन पर मलबे में मिले लोहे के जिस गोल टुकड़े को बच्चे गेंद समझकर मोहल्ले में ले आए थे असल में वह हैंड ग्रेनेड ((हथगोला)) निकला। थोड़ी ही देर में बच्चों की गेंद मिलने की खुशी काफूर हो गई और सभी घबरा गए। छह माह में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब इस क्षेत्र में हथगोला मिला हो। पुलिस और बीडीएस की टीम जांच में जुट गई। नतीजा सिफर है। उधर, पुलिस और बीडीएस दोनों ने जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है।
सोमवार दोपहर को चर्चा में सांई कॉलोनी की 11 वर्षीय मुस्कान पिता रजाक ने मीडियाकर्मियों को बताया शौच के दौरान खाली जगह पर ये गोला दिखा। मैंने इसे गेंद समझा और शिवा सुरसिया एवं प्यारसिंह सहित अन्य बच्चों को बताया। उन्होंने भी इसे गेंद समझा और मोहल्ले में परिजनों व अन्य रहवासियों को बताया। बाद में लोगों ने बताया यह
बम है तो हम घबरा गए। रहवासी उस्मान अनवर ने बताया बच्चों को हमने समझाइश दी और पार्षद पति सुनील सेन को जानकारी दी।
पुलिस कर रही पूरी पड़ताल
॥बम वहां कहां से आया पुलिस इस मामले में पुलिस पूरी जांच-पड़ताल कर रही है। वैसे बम निष्क्रिय और जंग लगा काफी पुराना है इसलिए बीडीएस इसकी पड़ताल कर रही है। पुलिस अफसर भी क्षेत्र में अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
-जितेंद्रसिंह कुशवाह, एसपी बड़वानी
छह माह पूर्व खुदाई के दौरान मिले थे दो हथगोले
छह माह पहले जुलाई-2013 में बड़वानी रोड पर ही नाले के पास खाली जमीन की खुदाई के दौरान दो हथगोले मजदूरों को मिले थे। इन्हें भी बीडीएस इंदौर ने चेक किया था तथा निष्क्रिय बताया था। इसकी जांच भी जारी है। वार्षिक निरीक्षण के दौरान 24 दिसंबर-2013 को शहर आए आईजी विपिन माहेश्वरी ने शहर प्रवास के दौरान माना था वह केवल खोका था।
दोनों स्थानों पर पहुंची बीडीएस की टीम
सोमवार को बीडीएस की टीम ने सांई कॉलोनी के समीप खाली जमीन की जांच की साथ ही पूर्व के स्थान पर भी निरीक्षण किया। इस स्थान के मलबे से ही यह तीसरा हथगोला मिला है। यह मलबा साई कॉलोनी में खाली जमीन पर फेंका गया है। टीआई आरके गेहलोत के अनुसार खाली जमीन के मलबे से तीन गोले मिलने के बाद उस स्थान पर पूरे क्षेत्र को अच्छी तरह से देखा गया ताकि कोई और गोला या अन्य सामान ना हो। जांच में इसके अलावा कुछ नहीं मिला। बीडीएस द्वारा हैंड ग्रेनेड को बरामद कर मैगजीन में सिल कर दिया है। यह हथगोला काफी पुराना है। यह पूरी तरह से निष्क्रिय और अनुपयोगी हो चुका है।
पलसूद में हथगोला मिलने के बाद सोमवार को दिनभर रहा चर्चाओं का दौर