पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सीएम की सभा में नाबालिग छात्रों से करवाई मजदूरी

सीएम की सभा में नाबालिग छात्रों से करवाई मजदूरी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - खरगोन
कसरावद के पास मोरपुरा में रहता हूं। छठी कक्षा में पढ़ता हूं। 200 रुपए रोज में रात से काम कर रहा हूं। रात में सामान उठाया तो दिन में जूठे बर्तन साफ कर रहा हूं। घर से सभी लोग आए हैं। अच्छा है। दो दिन में 400 रुपए तो मिल जाएंगे। यह कहना है छठी कक्षा में पढऩे वाले सावन हर्षिल का। स्कूल ड्रेस में आया 12 वर्षीय सावन दिनभर यहां जूठे बर्तन साफ करता नजर आया। वहीं ग्राम नवलपुरा के दयासिंह और मंगलसिंह कंटेनर में जूठे बर्तन उठा रहे थे। दोनों की उम्र 15 साल। उनका कहना था हम अनपढ़ हैं। बर्तन उठाना आसान काम है। आसानी से रुपए मिल जाते हैं। काम अच्छा है।
ये नजारा दिखा सीएम की सभा के दूसरे छोर स्थित भोजन व्यवस्था में। जनता के साथ पुलिसकर्मी, पंचायत सचिव और अन्य विभागों के कर्मचारी सब्जी-पूड़ी खा रहे थे। यहां काम कर रहे नाहरसिंह ने बताया इंतजाम के लिए 10-15 बच्चों को भी लेकर आए हैं। जबकि भोजन के पास 17 विभागों के स्टॉल लगे थे। स्वास्थ्य, सर्व शिक्षा अभियान, श्रम, महिला बाल विकास आदि। 12वें नंबर था श्रम विभाग। श्रम अधिकारी बैठकर बच्चों को मिलने वाली छात्रवृतियों के प्रचार में व्यस्त रहे। सावन, दयासिंह, मंगलसिंह जैसे बच्चे काम में जुटे रहे। बाल श्रम के बारे में पूछा तो अधिकारी बोले इस साल ऐसे मामले नहीं आए।




> विभागीय स्टॉल पर योजनाओं के पुराने पोस्टरों से काम चलाया गया। कुछ विभागों में पुराने मंत्रियों की फोटो लगी दिखाई दी।

> सीएम के इंतजार कर रहे लोगों की भीड़ दोपहर में बढ़ी। किसी कारण से भगदड़ मची। कुछ लोगों ने भोजन व्यवस्था की ओर दौड़ लगाना शुरू कर दिया। हालांकि कुछ समय में भगदड़ शांत भी हो गई।

> विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सीएम का स्वागत किया। मंच बनाए। चावला भवन के पास बनाए गए मंच का पोस्टर गिरा। कुछ कार्यकर्ताओं का संतुलन बिगड़ा। लेकिन किसी को चोट नहीं आई।

> भीड़ में कुछ लोगों और पुलिस में झड़प भी हुई। जानकारी के अनुसार वीआईपी पास नहीं होने की वजह से प्रधानआरक्षक अनिल तिवारी ने भाजपा कार्यकर्ता राजेश रावत और अन्य कुछ लोगों को रोका। कुछ देर में मामला शांत हुआ।

> सीएम के भाषण के बाद उत्कृष्ट मैदान के निकासी द्वार पर भीड़ जमा हो गई। पता चला पुलिस ने रोका है। बच्चों, छात्राओं और महिलाओं को कुछ परेशानी हुई। सीएम के निकलते ही माहौल सामान्य हो गया।

> शहर के मुख्य मार्गों का यातायात प्रभावित रहा। इसके चलते बड़े वाहनों के कारण नवग्रह पुल पर करीब दो घंटे जाम लगा रहा।

> सीएम की लेटलतीफी व अव्यवस्था को लेकर मीडियाकर्मियों ने सभास्थल छोड़ दिया। बाद में एडीएम एनके सूर्यवंशी उन्हें मनाकर ले गए।

झलकियों पर नजर

आज घोकपुरा व इंदिरानगर जाएंगे सीएम

भाजपा मीडिया प्रभारी मोहन जायसवाल ने बताया मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह 8.30 बजे मलीन बस्ती घोकपुरा व इंदिरानगर में लोगों से रूबरू होंगे। इसके बाद सुबह 10.30 बजे टाउनहाल में प्रदेश महामंत्री नंदकुमारसिंह चौहान, जिला संगठन मंत्री शैलेंद्रसिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष रणजीतसिंह डंडीर, महामंत्री राजेंद्रसिंह राठौर की मौजूदगी में एक नोट-कमल को वोट अभियान की शुरुआत होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री विजय शाह विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे।

मुख्यमंत्री के सामने पहुंची कई मांगें

> खरगोन जिले के छात्रों की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सेगांव व भगवानपुरा में कॉलेज, कृषि कॉलेज स्थापना, एलएलबी कक्षा फिर शुरू करने व कन्या छात्रावास के लिए व्यवस्था सुधार की मांग की।

> मप्र स्वास्थ्य कर्मचारी संघ व मप्र राज्य कर्मचारी संघ स्वास्थ्य प्रकोष्ठ जिला खरगोन के पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर करने की मांग की।

> संविदा शिक्षक संघ ने भी वेतन विसंगति दूर करने की मांग की।

30 हजार लोगों का बना खाना

भोजन व्यवस्था के ठेकेदार शिरू पाटीदार बताते हैं सभा के दिन करीब 30 हजार लोगों का खाना बना। इसमें 30 मजदूर प्लेट धोने, साफ सफाई के लिए लगे थे।

यह है बाल अधिकार कानून

एक्सपर्ट बताते हैं भारतीय कानून के अनुसार 14 वर्ष से कम की आयु में काम करने वाले बच्चे बाल मजदूर की श्रेणी में आते हैं। बाल मजदूर पाए जाने पर पर संस्था या उपक्रम के प्रबंधन को दंड देने का प्रावधान भी हैं।

किसी ने नहीं दी सूचना

जिला श्रम अधिकारी एपी सक्सेना बताते हैं सीएम की सभा में हम अपनी स्टॉल पर थे। किसी ने नहीं बताया भोजन व्यवस्था में बाल मजदूर हैं। इसके पहले मंगलवार को हमें गोगावां में बाल मजदूर की सूचना मिली। मौके पर गए लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

अनदेखी - 200 रुपए रोज मिला मेहनताना, कुछ दूर लगी श्रम विभाग की स्टाल पर अफसर कर रहे थे योजनाओं का प्रचार

लुढ़कते हुए आया सभा स्थल तक

नि:शक्त गणपत पिता नत्थू भिलाला निवासी जहांगीरपुरा ग्राम पंचायत डोलानी सीएम के सभा स्थल पर लुढ़कते हुए आया। उसने बताया एक साल हो कुटीर और नौकरी नहीं मिली। सीएम श्री चौहान पिछले साल जब गोपालपुरा में नहर के उद्घाटन के लिए आए थे तब 15 दिन में चपरासी की नौकरी या राजीव आवास योजना की कुटी देने का आश्वासन दिया था। लेकिन इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ग्राम सचिव कहता है तुम नि:शक्त नहीं हो

गोगावां जनपद के बरुड़ क्षेत्र के ग्राम कोठा बुजुर्ग से आए भोलाराम बाबूलाल ने बताया उनकी दोनों आंखें खराब हैं लेकिन अभी तक पेंशन आदि योजनाओं का लाभ नहीं मिला। ग्राम सचिव कहता है तुम नि:शक्त नहीं हो।

स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बताई समस्या

स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सीएम को समस्याएं बताई। संघ कार्यकर्ताओं का कहना है स्टॉफ की कमी है। संसाधनों का भी अभाव है। उन्होंने चार स्तरीय वेतनमान, आकस्मिक ड्यूटी भत्ता बढ़ाने आदि की मांग की। ज्ञापन भी सौंपा।

बांस नहीं मिल रहे कैसे करें काम?

बंसोड़ समाज के लोगों ने सीएम से बांस नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने कहा नियमानुसार प्रत्येक परिवार को 1500 बांस देना निर्धारित है। लेकिन हमें 10-20 बांस ही दिए जा रहे हैं। शहर में बंसोड़ समाज के 85 परिवार हैं।

संविदा वर्ग 3 भर्ती में लापरवाही

सीमा पाटीदार, धमेंद्र राठौड़, जितेंद्र पाटीदार आदि ने बताया संविदा शाला शिक्षक वर्ग 3 की भर्ती में लापरवाही हुई है। उन्होंने कार्रवाई की मांग भी की।

सेगांव में ग्रामीणों से मिले सीएम

बड़वानी से लौटते समय मुख्यमंत्री रात १० बजे सेगांव में रुके और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से कॉलेज खोलने व खेत में नर्मदा की नहर पहुंचाने की मांग की।