- Hindi News
- वॉल्व खराब, दो घंटे में १० हजार लीटर पानी सड़क पर बहा
वॉल्व खराब, दो घंटे में १० हजार लीटर पानी सड़क पर बहा
भास्कर संवाददाता - खरगोन
बिस्टान रोड तिराहे पर मंगलवार नगरपालिका पेजयल सप्लाय लाइन का वॉल्व खराब हो गया। इसके चलते करीब दो घंटे तक १० हजार लीटर पानी बह गया। सड़क और निर्माणाधीन पुलिया में काफी पानी भर गया। इससे तिराहे पर बारिश जैसे हालात हो गए। यातायात भी प्रभावित रहा। सुधार के लिए नपा कर्मचारी देररात तक मशक्कत करते रहे। जानकारी के अनुसार तिराहे पर एसबीआई के पास 14 इंच बड़ी लाइन में बड़ा वाल्व है। इसका कनेक्शन बिस्टान नाके की बड़ी लाइन से है। इससे टवड़ी चौक, नपा और डायवर्शन रोड की टंकी व उससे टंकी से पेयजल सप्लाय होता है। नपा पेयजल प्रभारी सरजू सांगले ने बताया सुबह वाल्व की रॉड स्लीप होने का पता चला। सुधार चल रहा है। वाटर वक्र्स के पंप को बंद कराया है। बिस्टान नाके से तिराहे तक की लाइन को खाली की गई। इसमें ही पानी बहा है। नपा के 8 कर्मचारी सुधार में जुटे हैं।
बिस्टान तिराहे पर बारिश जैसे हालात, देररात तक चला सुधार, यातायात प्रभावित
सुचारू रहेगा सप्लाय
श्री सांगले ने बताया वॉल्व की रॉड और ऊपरी केप का सुधार किया जा रहा है। इसके बाद सभी टंकियों को भरा जाएगा। बुधवार को पेयजल सप्लाय में परेशानी नहीं आएगी। यह सुचारू रहेगा। इसके पहले दशहरे के समय वॉल्व में परेशानी आई थी।
दस हजार लीटर पानी बर्बाद
एक्सपर्ट बताते हैं बिस्टान रोड तिराहे से नाके तक की पाइपलाइन की लंबाई करीब 2 किमी है। यह 14 इंच लाइन है। खाली करने में 10 हजार लीटर पानी की बर्बादी हुई है। अगर व्यवस्था होती तो पानी को बर्बादी से बचा जा सकता था।
फिसले और कीचड़ में लथपथ
सड़क और आसपास पानी भर गया था। इससे लोगों को दोपहर 3 बजे आवाजाही में परेशानी भी हुई। कई लोग यहां फिसले। अंकुर तिवारी ने कहा बाइक से बिस्टान रोड की ओर जाते समय बाइक स्लीप हो गई। बस स्टैंड जा रही प्रियांजलि मंडलोई ने बताया अधिक पानी के कारण साइकिल निकालना मुश्किल हो गया था। कीचड़ में कपड़े खराब हो गए।
बिस्टान रोड तिराहे पर पानी भरने से बारिश जैसे हालात हो गए।