- Hindi News
- बेटी के ससुराल पक्ष पर कार्रवाई की मांग, एसपी को सौंपा आवेदन
बेटी के ससुराल पक्ष पर कार्रवाई की मांग, एसपी को सौंपा आवेदन
भास्कर संवाददाता - बड़वानी
विवाहित बेटी की कुछ समय से कुशलक्षेम नहीं मिलने पर चिंतित माता-पिता मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी जितेंद्रसिंह को आवेदन सौंपा। इसमें उन्होंने ससुराल वालों द्वारा बेटी के साथ कुछ अनहोनी करने का आरोप लगाते हुए ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया शादी के बाद से रेखा तीन से चार बार माता-पिता से मिलने आई। तब वह परेशान दिखती थी। परिवार की गरीबी के चलते बेटी ने ससुराल में कभी किसी परेशानी की जानकारी माता-पिता को नहीं दी। थावरिया ने बताया अधिक पूछताछ करने पर रेखा रोने लगती थी लेकिन बताती कुछ नहीं थी। २७ जनवरी को बेटी की जानकारी लेने पूर्व सरपंच तेरसिंह, पटेल सुभाष, भावसिंह, नवलसिंह व रामदास के साथ रेखा के ससुराल गए थे। वहां रेखा नहीं मिली। उसके ससुराल वालों ने भी कोई जानकारी नहीं दी। ससुराल पक्ष के लोग पूछने पर बेटी के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। इसके चलते उन्हें बेटी के साथ कुछ अनहोनी की आशंका सता रही है। उन्होंने एसपी श्री सिंह को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। श्री सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित थाना क्षेत्र को कार्रवाई के आदेश दिए।
जनसुनवाई में आए ८९ आवेदन
मंगलवार को कलेक्टोरेट में हुई जनसुनवाई में ८९ आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों में व्यक्तिगत सुनवाई करते हुए कलेक्टर शोभित जैन एवं अपर कलेक्टर जयेंद्रकुमार विजयवत ने आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर समय-सीमा में कार्यवाही के निर्देश दिए।
पुरस्कार के लिए लगाई गुहार
एपीजे अब्दुल कलाम मेधावी पुरस्कार योजना के तहत पुरस्कार प्राप्त करने के लिए छात्रा के पिता ने मंगलवार को कलेक्टोरेट की आवक शाखा में आवेदन सौंपा। महेंद्रसिंह तंवर ने बताया उनकी बेटी गायत्री ने उमावि कुआं से १२वीं की परीक्षा ८३.८ अंकों से उत्तीर्ण की थी। इसके बावजूद उसे योजना का लाभ नहीं मिला। योजना के तहत जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय में १९ जनवरी को आवेदन जमा किया जाना था। उन्होंने जानकारी के अभाव में २३ तारीख को कार्यालय में आवेदन जमा कराने की बात कही। उन्होंने कलेक्टर शोभित जैन से गायत्री को पुरस्कृत करने की मांग की है।
ञ्चमाता-पिता ने जताई बेटी के साथ अनहोनी की आशंका