- Hindi News
- विवाह के दो साल बाद पति लापता, पत्नी ने लगाई गुहार
विवाह के दो साल बाद पति लापता, पत्नी ने लगाई गुहार
भास्कर संवाददाता - खरगोन
कलेक्टोरेट में मंगलवार को जनसुनवाई में कई लोगों ने समस्याएं व शिकायतें रखी। इस बार ज्यादातर नाला,नाली निर्माण और गंदगी की शिकायत लेकर लोग पहुंचे। गोगावां की रूपाली पिता राजेश उपाध्याय ने शिकायत दर्ज कराई कि 13 नवंबर 2011 को उसका विवाह मेनगांव पिपराटा निवासी अमित पटेल से हुआ था लेकिन 19 अपै्रल 2013 को वह अचानक लापता हो गया। जिसकी मेनगांव थाने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज है लेकिन मामले में पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इसी तरह मांगरूल बुजुर्ग से आए ग्रामीणों ने हनुमान गली में गंदगी होने की शिकायत की। शहर के वार्ड क्रमांक पांच चमेली की बाड़ी की महिलाओं ने बताया पूर्व में तीन से चार बार आवेदन दिए हैं, लेकिन अब तक यहां नाला निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। महिलाओं ने बताया यहां बड़ा नाला होकर शहर के 1/4 का गंदा पानी यहीं से बहकर निकलता है। नाला कच्चा होने से जीव-जंतुओं का भय बना रहता है, वहीं मच्छर और गंदगी से दो चार होना पड़ रहा है। इसी तरह संजयनगर वार्ड 30 से की महिलाओं ने भी पक्का नाला निर्माण की मांग की। महिलाओं ने बताया कि नाले पर पुलिया बनने से घर में पानी घुसने का अंदेशा बना
हुआ है। इससे जान माल का नुकसान बना रहता है। स्वर्णकार कॉलोनी से आए आवेदकों ने क्षेत्र में क्षतिग्रस्त नालियों के मरम्मत और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। अयोध्यापुरी कॉलोनी के बाशिंदों ने स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण की मांग रखी। मोची मोहल्ला व औरंगपुरा की महिलाओं ने अनुदान राशि पर सुविधाघर निर्माण की मांग की।
सेवानिवृत्त आयुर्वेदिक चिकित्सक दिनेश सुल्ताने ने सेवानिवृत्ति के 2 साल बाद भी जीपीएफ का अंतिम भुगतान और समयमान-वेतनमान नहीं मिलने की शिकायत की। सनावद के ओमप्रकाश शंकरलाल गुप्ता ने अवंति सूतमिल से 10 माह का वीआरएस, ग्रेच्युटी और 10 माह की तनख्वाह दिलाने की मांग की। उमरखली के ग्रामीणों ने सरपंच- सचिव की शिकायत की। हीरापुर की गंगाबाई मालसिंग ने उनकी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। शहर के उमेश रेवलिया, प्रकाश भावसार, राजेंद्र गोस्वामी, मामराज सैनी ने जगदीश वल्लभदास महाजन निवासी टैगोर पार्क कॉलोनी की शिकायत की है। इसमें नाबार्ड योजना के तहत बैंक से ऋण राशि लेकर बनाए गए वेयर हाउस में अवैध तरीके से निजी आईटीआई कॉलेज संचालित करने की शिकायत है।
न्यास की भूमि पर कब्जे की शिकायत
नगर सुधार न्यास द्वारा बनाई जा रही सत्य नगर दामखेड़ा कॉलोनी की रिक्त पड़ी भूमि पर कॉलोनाईजर द्वारा बेजा कब्जे की शिकायत की गई है। शिकायतकर्ताओं ने बताया की उक्त कॉलोनी के कई भाग कॉलोनीवासियों के सार्वजनिक उपयोग के लिए खाली छोड़े गए है। उक्त कॉलोनी की उत्तर-पश्चिम दिशा में निजी भूमि भी है, उक्त निजी भूमि पर कॉलोनाईजर द्वारा कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है। कॉलोनाईजर ने उत्तर-पश्चिम दिशा की खाली भूमि पर बेजा कब्जा किया है। संबंधित कॉलोनाईजर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
कलेक्टर डॉ. कोठारी को शिकायत करते ग्रामीण।
. कलेक्टोरेट में शिकायत के लिए पंजीयन करते संयुक्त कलेक्टर श्री भंडारी।
जनसुनवाई - कलेक्टोरेट पहुंच बताई समस्याएं, मिले आश्वासन