अस्पताल को मिलेगी ग्रेड, सर्वे शुरू
भास्कर संवाददाता - खंडवा
जिला अस्पताल की ग्रेडिंग के लिए मंगलवार से सर्वे शुरू हुआ। स्वास्थ्य संचालनालय के निर्देश पर मप्र शासन के साथ काम करने वाली कंपनी एमपी टॉस्क के अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल की ओटी, ओपीडी से लेकर वार्ड और कार्यालयीन व्यवस्थाओं के आधार पर ग्रेड का निर्धारण स्वास्थ्य संचालनालय से होगा।
एमपी टास्क के अधिकारी देवेंद्र यादव ने जिला अस्पताल एवं लेडी बटलर के वार्डों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्री यादव ने बताया स्वास्थ्य विभाग द्वारा 50 बिंदुओं का एक फार्मेट बनाया है। इसमें अस्पताल के स्टॉफ, ओटी, ओपीडी, बिस्तरों की संख्या, बेड और चादर सहित अन्य छोटी एवं बड़ी जानकारी मांगी गई है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाने के साथ ही कमियों को दूर करना है। सर्वे रिपोर्ट 5 फरवरी तक स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव प्रवीर कृष्ण के पास जमा करनी है। जिला अस्पताल के लिए ए,बी और सी ग्रेड का निर्धारण व्यवस्थाओं के आधार पर किया जाएगा।
शासन स्तर से अस्पताल का मूल्यांकन
॥जिला अस्पताल का मूल्यांकन शासन स्तर से किया जा रहा है। अस्पताल में जो व्यवस्थाओं में कमी होगी उसकी पूर्ति राज्य सरकार करेंगी। ग्रेडिंग सिस्टम से अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे मरीजों को लाभ मिलेगा।ø
- डॉ. ओपी जुगतावत, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
सर्वे में मातृ एवं शिशु मृत्युदर को काम करने पर विशेष ध्यान दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया मेटरनिटी विंग के साथ शिशुओं के उपचार के लिए स्थापित एसएनसीयू एवं एनबीएसयू के सही संचालन की मानीटरिंग की जा रही है। जिले में शिशु मृत्युदर का आंकड़ा प्रदेश से अधिक है।
एमपी टॉस्क के कर्मचारी 50 बिंदुओं पर तैयार कर रहे सुविधाओं का फार्मेट