न्यूज़ इनबॉक्स
कार्यकर्ता ने बनाई रंगोली, बच्चों ने भरे रंग
खरगोन - मेहरजा व मगरिया में आंगनवाड़ी केंद्र 1 व 2 में बाल चौपाल एवं बालिका सप्ताह मनाया। पर्यवेक्षक साधना शर्मा, पटवारी रणजीतसिंह एवं कार्यकर्ता सूरज कर्मा व ललिता आड़तिया व अन्य सहायिकाएं मौजूद थे। कार्यकर्ता श्रीमती कर्मा ने चॉक से रंगोली बनाई। इसमें बच्चों ने रंग भरा। पालकों को बेटा-बेटी को समान परवरिश का संदेश दिया।
कृषि तकनीक सीखने दल नागपुर रवाना
खरगोन - आत्मा परियोजना में किसानों को अंतरराज्यीय प्रशिक्षण के लिए बड़वाह, भगवानपुरा, झिरन्या, भीकनगांव एवं खरगोन के 30 किसानों का दल महाराष्ट्र के नागपुर रवाना हुआ। वे वहां पशुपालन एवं मछलीपालन संबंधी जानकारी सीखेंगे। दल को जिपं सीईओ शिल्पा गर्ग ने रवाना किया। इस दौरान उपसंचालक कृषि आरएस सिसौदिया व परियोजना संचालक विजयकुमार चौरसिया मौजूद थे। 31 जनवरी को दल लौटेगा।
गणतंत्र दिवस पर शिवडोला समिति सम्मानित
खरगोन - गणतंत्र दिवस पर कलेक्टर डॉ. नवनीत मोहन कोठारी व पुलिस अधीक्षक एनपी वरकड़े ने सार्वजनिक श्रावण मास समिति को बेहतर योगदान पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समिति को सांप्रदायिक सद्भाव बढ़ाने में बेहतर काम पर यह सम्मान मिला है। प्रचार प्रमुख प्रकाश भावसार ने प्रशस्ति पत्र लिया।
केंद्र के खिलाफ धरना कल
खरगोन - भाजपा किसान मोर्चा केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों को लेकर 30 जनवरी को दोपहर 11 बजे से बस स्टैंड के सामने धरना प्रदर्शन करेगा। इसमें मोर्चे के राष्ट्रीय मंत्री अशोक पाटीदार, जिलाध्यक्ष बद्रीप्रसाद पाटीदार, संगठन मंत्री शैलेंद्रसिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष रणजीतसिंह डंडीर, राजेंद्रसिंह राठौर शामिल होंगे।
भाजपा आईटी सेल व मंडल प्रभारी नियुक्त
खरगोन - भाजपा आईटी सेल प्रदेश संयोजक विकास बोंदरिया ने जिलाध्यक्ष रणजीतसिंह डंडीर व संगठन मंत्री शैलेंद्रसिंह कुशवाह की सहमति से प्रकाश भावसार को जिला संयोजक मनोनीत किया है। इसी तरह क्षितिज पुरोहित को गोगावां मंडल का प्रभारी बनाया गया है।
अब 12 अप्रैल को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
खरगोन - राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देश पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 29 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत 12 अप्रैल को लगाई जाएगी। यह जानकारी राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने दी।
ऊन में निवारणार्थ सद्भावना शिविर कल
खरगोन - आदिवासी विकास विभाग द्वारा जिले में अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर लगाया जाएगा। 30 जनवरी को सुबह 11.30 बजे ऊन की हायर सेकंडरी स्कूल परिसर में लगेगा। सहायक आयुक्त बीसी पांडेय ने बताया जिलास्तर पर भाषण एवं निबंध स्पर्धा में चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी पुरस्कृत
खरगोन - गणतंत्र दिवस पर प्रथम एवं द्वितीय संभाग में वरिष्ठ पदाधिकारी के.एस मालवीय व डीके बुके ने झंडावंदन किया। अतिंद्र मोहन वर्मा द्वारा प्रबंध संचालक के संदेश का वाचन किया। इसके साथ ही विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन खरगोन कार्यालय पर वरिष्ठ महिला सदस्य श्रीमती भागवंती गुप्ता ने झंडावंदन, गजेंद्र गीते एवं अतिंद्र मोहन वर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित किया। विद्युत कर्मचारी सहकारी साख संस्था खरगोन में एल.एन. मालवीय द्वारा झंडावंदन किया गया। संचालक डीपी आहूजा द्वारा उत्कृष्ट कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। इस समारोह में बिस्टान वितरण केंद्र के रमेश यादव, ऊन वितरण केन्द्र के राधेश्याम गणपत चांदी का सिक्का व प्रशस्ति पत्र प्रदान दिया।
भागवत समिति के मैना अध्यक्ष व उपाध्यक्ष रघुवंशी चुने गए
खरगोन - श्रीमद् भागवत ज्ञानगंगा महायज्ञ के उपलक्ष्य में मंदिर जीर्णोद्धार समिति अध्यक्ष संतोष कंठाल्या की अध्यक्षता में हाल ही में बैठक संपन्न हुई। इसमें भागवत समिति के अध्यक्ष महेंद्र मैना, उपाध्यक्ष विनोद रघुवंशी, अरविंद पाल, अनिल रघुवंशी, सचिव तरुण रघुवंशी चुने गए।