- Hindi News
- सड़क पर डामर बिछाया लेकिन पटरियां छोड़ दी
सड़क पर डामर बिछाया लेकिन पटरियां छोड़ दी
भास्कर संवाददाता - खंडवा
शहर की कुछ सड़कों पर डामर बिछाने के बाद जिम्मेदार कंपनी ने पटरियां छोड़ दी। कायदे से सड़क और फुटपाथ की ऊंचाई बराबर होना चाहिए, ताकि लोग दुर्घटना के शिकार नहीं हो लेकिन इस ओर न तो अफसर ध्यान दे रहे हैं और न ही ठेकेदार। नतीजतन लोग अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं।
हाल ही में सिंघाड़तलाई हरिजन आवास से आर्य समाज स्कूल होते हुए विद्युत नगर तक डामरीकरण का काम हुआ। डामर की सड़क तीन से छह इंच तक फुटपाथ से जगह-जगह ऊंची हो गई है। आबादी वाले क्षेत्र में फुटपाथ और डामर सड़क में बराबरी न होने से आए दिन दुर्घटनाएं होने की लोगों ने शंका जताई। सिघाड़तलाई निवासी मोहन चांगरे, बबलू प्रजापति, राकेश प्रजापति ने बताया जनता स्कूल से पड़वा जाने वाली सड़क बारिश में खतरनाक हो जाएंगी। यहां पर सड़क की फुटपाथ से ऊंचाई तीन इंच से भी ज्यादा है। बारिश का पानी सड़क किनारे भरने से लोग गिर सकते हैं। सड़क किनारे पानी भरने के सवाल पर नगर निगम आयुक्त एसआर सोलंकी ने बताया डामर की सड़क फुटपाथ से ऊंची ही होनी चाहिए। सड़क ऊंची होने से पानी निकासी की व्यवस्था अलग से की जाएगी।
कराएंगे बराबर
॥सड़क निर्माण कंपनी के टेंडर में सड़क के साथ फुटपाथ बराबर करने का काम शामिल है। सड़क बनाने के बाद कंपनी फुटपाथ को भी बराबर करेगी।ø
-आरके जैन, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी
जनता स्कूल रोड पर नई सड़क बनाने के बाद ऊंचाई ६ इंच तक बढ़ गई।
खतरा - जिम्मेदार कंपनी डामरीकरण के बाद सड़कों की पटरियों को बराबर नहीं कर रही, जनता स्कूल के सामने ३ से ६ इंच तक ऊंची सड़क