आपदा प्रबंधन पर हर महीने होगी कार्यशाला
भास्कर संवाददाता - खंडवा
आपदा प्रबंधन की कार्यशाला अब प्रत्येक माह होगी। गौरीकुंज या कलेक्टोरेट सभागृह में यह कार्यशाला लगेगी। इसकी अनुमति के प्रयास किए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा सके। सामाजिक संस्था, एनजीओ और प्रचार-प्रसार के लिए आकाशवाणी सहित स्थानीय मीडिया का सहयोग लिया जाएगा।
कार्यशाला में बरती गई लापरवाही ‘भास्कर’ में उजागर होने के बाद अफसरों ने ऐसे ही कुछ अहम निर्णय बुधवार दोपहर होमगार्ड कार्यालय के समापन अवसर पर लिए। मुख्य अतिथि एसपी मनोज शर्मा ने कहा स्कूल के बच्चों को आपदा प्रबंधन का पाठ पढ़ाया जाना बेहद जरुरी है। तारीख और समय सुनिश्चित कर आपदा प्रबंधन की नियमित क्लास में प्रेक्टिकल, व्यवहारिक ज्ञान दिया जाएगा। एसडीओपी राकेश पुरी ने कहा यह सिर्फ पुलिस, होमगार्ड या जिला प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। बल्कि आपदा के समय सहयोग करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
एलसीडी की केबल बदली, दिखाई सीडी
कार्यशाला के अंतिम दिन होमगार्ड डिस्ट्रीक कमांडेंट जीपी प्रजापति ने एलसीडी की केबल ठीक कराई। प्रशिक्षणार्थियों को सीडी के माध्यम से बाढ़, भूकंप और आपात स्थिति से निपटने के गुर सिखाए गए। एसएन कॉलेज के प्रो. पी सेल्वराज, सेवानिवृत्त डिस्ट्रीक कमांडेंट केएल धनगर ने प्रबंधन के बारे में जानकारी भी दी। प्रथम चरण में नगर निगम के चार फायर कर्मियों को भी प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला में एलसीडी में सिखाए आपात स्थिति से निपटने के गुर।
यह बोले प्रशिक्षणार्थी
: रोटरी अध्यक्ष प्रफुल्ल मंडलोई ने आगामी कार्यशाला में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका सुनिश्चित की। कार्यशाला प्रबंधन को बेहतर करने के सुझाव दिए।
: लायनेस अध्यक्ष सुचित्रा श्राफ ने कहा अगली कार्यशाला के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ेंगे।
: एमएसडब्ल्यू की छात्रा श्वेता पुष्पकर ने नुक्कड़ नाटक से कार्यशाला को मनोरंजक बनाएंगे।
: पशु पालन विभाग के नीरज सिंह ने कहा कार्यशाला में आपदा के वक्त जान बचाने के गुर सीखने को मिले।