न्यूज़ इनबॉक्स
विधायक ने किया सीसी रोड का शिलान्यास
खरगोन - कसरावद विधायक सचिन यादव ने बुधवार बिटनेरा, बडिया, सतवाड़ी, रतनपुर, ककडग़ांव, बिलखेड खुर्द, अदलपुरा, सहेजला, मछलगांव, अंदड, कालबरड़, अहीरखेड़ा, चौंडी आदि ग्रामों का दौरा किया। यहां पंच परमेश्वर योजना में सीसी रोड निर्माण का शिलान्यास किया। रतनपुर, सहेजला और कालबरड़ में कार्यकर्ताओं से मिले। इस दौरान शेरू यादव, अजमेरसिंह रावत, कड़वा यादव, जगदीश यादव सहित ग्रामीण मौजूद थे।
एड्स नियंत्रण कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
खरगोन - अभा एड्स नियंत्रण कर्मचारी एसोसिएशन के आव्हान पर 30 जनवरी से मप्र राज्य एड्स नियंत्रण कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। परामर्शदाता महेश चौहान ने बताया नियमितीकरण, समान कार्य समान वेतन, भत्ते व अन्य सुविधाओं, बढ़ा वेतन 2012 से लागू करने, बिना पद समाप्ति अगले फेज में शामिल करने जैसी मांगे शामिल हैं।
रायबिड़पुरा में वित्तीय साक्षरता शिविर लगा
खरगोन - वित्तीय साक्षरता केंद्र खरगोन ने रायबिड़पुरा में शिविर लगाया। सहकारी समिति अध्यक्ष दिनेश वर्मा ने अध्यक्षता की। काउंसलर एमएल पुरोहित ने बचत का महत्व, कर्ज लेने की क्षमता एवं समय पर चुकाने की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना, बकरी पालन ऋण की समस्याएं सामने आई। स्टार प्रशिक्षण केंद्र संचालक अशोक राठौड़ ने केंद्र की योजना बताकर स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण लेने का आग्रह किया।
नवग्रह पुल पर पेंचवर्क की मांग
खरगोन - नवग्रह मेले का उत्साह बढ़ रहा है। यहां आने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ रही है। लेकिन नवग्रह पुल का पेंचवर्क न हेाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी आती हैं। अधिकांश ट्रेफिक जाम की स्थिति भी बनी रहती है। इसे देखते हुए भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने बुधवार को पूल के पेंचवर्क की मांग की। जिला संयोजक दीप जोशी ने बताया इस संबंध में सीएमओ निशिकांत शुक्ला को ज्ञापन भी सौंपा है। जानकारी के अनुसार नपा कार्यपालन यंत्री गजाजन चौहान ने उपयंत्री को पेंचवर्क के निर्देश भी दिए हैं।
63 संविदा शिक्षकों का संविलियन
खरगोन - शिक्षा विभाग बड़वाह और कसरावद ब्लॉक के 53 संविदा शिक्षकों के आदेश जारी करेगा। इसके चलते ये शिक्षक वरिष्ठ अध्यापक, अध्यापक और सहायक अध्यापक बन जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी आर.आर. भंवर ने बताया इसकी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। एक दो दिन में आदेश भी जारी किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार बड़वाह ब्लॉक से वर्ग 1 के 1, वर्ग 2 के 7 और वर्ग 3 के 45 और कसरावद से वर्ग 3 के 10 शिक्षकों का संविलियन किया जाएगा।
आज सुबह 11 बजे शहीदों की याद में दो मिनट का मौन
खरगोन - स्वतंत्रता संग्राम में शहीदों की स्मृति में 30 जनवरी को सुबह 11 बजे से दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी जाएगी। कलेक्टर डॉ नवनीत मोहन कोठारी ने सभी सरकारी दफ्तरों को निर्देशित किया है। सभी एक मिनट पहले एकत्रित होकर अनिवार्य रूप से सहभागिता करें।
स्वास्थ्य जागरुकता साइकिल रैली एक को
खरगोन - राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन द्वारा जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए 1 फरवरी को जागरूकता रैली का आयोजन होगा। जिला मुख्यालय पर यह रैली जिला अस्पताल से शुरू होकर सीएमएचओ कार्यालय परिसर पर खत्म होगी। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य विभाग के 10-10 कर्मचारियों की उपस्थिति को कहा है।
कुष्ठ मिटाओ संकल्प पदयात्रा आज, महेश्वर में समापन
खरगोन - कुष्ठ मिटाओ संकल्प पदयात्रा गुरुवार को निकलेगी। जिला कुष्ट अधिकारी डॉ. चंद्रजीत सिंह सांवले ने बताया रैली भीलगांव से निकाली जाएगी। इसमें जिलेभर के कुष्ट कार्यकर्ता जागरुकता का संदेश देंगे। भ्रांतियों से निपटने की जानकारी भी देंगे। यात्रा डोंगरगांव, नावडाटौडी पहुंचेगी। महेश्वर में समापन होगा।