पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • इंदौर नाके तक बनने वाले फोरलेन की चौड़ाई घटाई

इंदौर नाके तक बनने वाले फोरलेन की चौड़ाई घटाई

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - खंडवा
इंदौर नाका से आंबेडकर चौक ((जिला अस्पताल के सामने)) तक फोरलेन सड़क अब 22 की जगह 18.2 मीटर चौड़ी बनेगी। पीडब्ल्यूडी ने गुपचुप तरीके से इंदौर नाका से आंबेडकर चौक तक बनने वाले फोरलेन के प्रस्ताव में संशोधन किया है। इसके तहत यहां सड़क की चौड़ाई में 3.8 मीटर की कटौती कर दी है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने में बाधक कांग्रेस-भाजपा नेताओं के पक्के व अस्थाई निर्माण तोडऩे की बजाय प्रशासन और पीडब्ल्यूडी ने चौड़ाई ही कम कर दी। पहले विधानसभा और अब लोकसभा के चुनावी सीजन में हो रहे निर्माण के दौरान चौड़ीकरण में लोगों से जमीन छुड़ाने की मशक्कत से बचने के लिए प्रस्ताव में बदलाव किया। भाजपा-कांग्रेस के कुछ नेता इस बदलाव के पीछे शुरू से ही लगे थे। दोनों ही पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं के मकान-दुकान यहां स्थित हैं। पीडब्ल्यूडी ने चौड़ाई कम होने का हवाला देते हुए सितंबर 2013 में इंदौर नाका से तीन पुलिया तक 3.30 किमी मार्ग के फोरलेन में कटौती की थी। विभाग ने संशोधित प्लान में इंदौर नाका से आंबेडकर चौक तक 2 किमी में फोरलेन का संशोधित प्रस्ताव ही शासन को भेजा था। इसमें आंबेडकर चौक से तीन पुलिया तक 1.30 किमी मार्ग की वर्तमान चौड़ाई पर ही डामरीकरण की बात कही थी। इसे चौड़ा नहीं किया जाएगा। शिवाजी चौक, इमलीपुरा, परदेशीपुरा, बड़ाबम में मकान, दुकान होने से चौड़ीकरण कठिन लग रहा था। फोरलेन के लिए मकान और दुकानों को तोडऩा पड़ता।
ईई आरके जैन टाल गए जवाब, कहा- एसडीओ से पूछ लें - फोरलेन की चौड़ाई कम करने के सवाल का जवाब पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री आरके जैन टाल गए। उन्होंने कहा फोरलेन में सड़क 14 मीटर, दोनों ओर फुटपाथ 1.5 मीटर के साथ 1.2 मीटर का डिवाइडर बनेगा लेकिन वे यह नहीं बता पाए कि 22 मीटर की सड़क को 18.2 मीटर पर क्यों समेट दिया। सड़क की चौड़ाई कम करने पर उन्होंने कहा ज्यादा जानकारी एसडीओ को है उनसे ही पूछ लें।