- Hindi News
- लड़ाई कर मुर्गी ले जाने पर कर दी थी रिश्तेदार की हत्या
लड़ाई कर मुर्गी ले जाने पर कर दी थी रिश्तेदार की हत्या
भास्कर संवाददाता - मूंदी
कोलगांव निवासी संजीव पिता बाबूलाल ((35)) हाल मुकाम नागचून ((खंडवा)) का शव 22 जनवरी को इंजलवाड़ा बेड़ी पर मिला था। शव पर चोट के निशान थे। पीएम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया और जांच शुरू की। दो दिन में ही पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। हत्या का कारण रिश्ते के भाई से विवाद कर मुर्गी ले जाना सामने आया है।
यह है घटनाक्रम
संजीव नागचून से घटना के दो दिन पहले भोजाखेड़ी निवासी अशोक, मोगली एवं धर्मेंद्र के साथ लकड़ी ठेके के संबंध में कोलगांव आया था। दो दिन तक साथियों के साथ गांव में मौज-मस्ती की। घटना की रात संजीव और उसके साथी रिश्ते में भाई भीमा के घर गए और विवाद कर उसकी मुर्गी उठा लाए। एक खेत में शराब-मुर्गे की पार्टी की। नशे में संजीव पुन: भीमा के घर पहुंचा। भीमा ने उसे आंगन में खटिया डालकर सुला दिया। नींद लगते ही भीमा ने संजीव के सिर पर लोहे के घन से वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में साथी लिमड़ा को घटना की जानकारी दी। दोनों रात में ही बैलगाड़ी में शव रखकर
बेड़ी पर छोड़ गए।
ऐसे हुआ खुलासा
मूंदी टीआई अजीत पटेल ने बताया संजीव के साथी अशोक और धर्मेंद्र से पूछताछ में पता चला कि भीमा से संजीव का कुछ विवाद हुआ था। इस आधार पर भीमा से कड़ी पूछताछ की। भीमा ने हत्या करना कबूल कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।