- Hindi News
- नुकसान उठाना पड़ेगा इसलिए मेला अवधि 25 फरवरी तक बढ़ाएं
नुकसान उठाना पड़ेगा इसलिए मेला अवधि 25 फरवरी तक बढ़ाएं
ञ्च नगर पालिका प्रशासक व सीएमओ को बताई स्थिति
भास्कर संवाददाता - खरगोन
श्रीनवग्रह मेले का समापन 16 की बजाय 25 फरवरी को किया जाए। मेले की अवधि कम होने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। यह मांग श्रीनवग्रह मेले के व्यापारियों ने नगरपालिका के नपा प्रशासक नरेंद्र सूर्यवंशी व सीएमओ निशिकांत शुक्ला के नाम पत्र लिखकर किया है। व्यापारियों का कहना है करीब एक हजार व्यापारी देश के अलग-अलग हिस्सों से कारोबार करने आए हैं। श्रीनवग्रह मेला 1 जनवरी से घोषित किया गया। पहले 10 दिन जगह आवंटन व अन्य व्यवस्था लगने में ही खत्म हो गए। आसपास के क्षेत्र के करीब 8 मेले 15 जनवरी को समाप्त हुए। इससे पहले कई व्यापारियों का इस मेले में आना मुमकिन ही नहीं था। इस वर्ष बारिश और सर्दी का असर ज्यादा होने से 26 जनवरी से मेला पूरी तरह चालू हो पाया।
तब औपचारिक समापन के बाद चला था मेला
पिछले साल भी निर्धारित तारीख 16 फरवरी को मेला समापन की औपचारिक घोषणा कर दी गई थी। हालांकि इसके बाद भी मेला चला। औपचारिक घोषणा के साथ ही मेले की रौनक भी काफी कम हो गई थी। इसके बावजूद व्यापारी एक बार फिर मेला अवधि की मांग दोहरा रहे हैं।
मेले में हर ब्लॉक के बीच में पर्याप्त जगह छोड़ी गई है। दो ब्लॉक के बीच करीब 45 फीट जगह छोड़ी गई है। गुरुवार को व्यापारियों ने शिकायत की कि ठेकेदार ने कई ठेलेवालों से पैसे लेकर चलने की जगह में भी दुकानें लगवा दीं। शिकायत नपा के मेला प्रभारी मनीष महाजन तक पहुंचीं। उन्होंने तत्काल दुकान हटाने के निर्देश दिए। श्री महाजन ने बताया ब्लॉक के बीच में ज्यादा स्पेस दिया गया है ताकि लोगों को मेले में असुविधा न हो विशेष तौर पर महिलाओं को किसी अप्रिय स्थिति का सामना न करना पड़ेगा। ठेकेदार ने दोबारा ऐसी हरकत की तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जो चलने की जगह थी वहां ठेकेदार ने दुकान लगवा दी
लाइट व्यवस्था से भी परेशानी
व्यापारियों का कहना है व्यापारी लाइट व्यवस्थापक की मनमर्जी से परेशान रहते हैं व आए दिन विवाद होते रहते हैं। लाइट ठेकेदार द्वारा पूर्ण मेला अवधि का करंट चार्ज वसूलने का नियम बताकर वसूली करने का प्रयास किया जा रहा है। 45 दिन के लिए सीएफएल व सीरिज का चार्ज 45 दिन के लिए 5500 रुपए निर्धारित है लेकिन 15 दिन की अवधि के लिए भी यही चार्ज मांगा जा रहा है। मेला अवधि बढ़ाने के साथ बढ़ी अवधि तक लाइट व्यवस्था सुचारू करने की मांग भी की गई है।
अंचल के लोगों को मिला मेले और हाट का दोहरा आनंद
गुरुवार को साप्ताहिक हाट का दिन होने के चलते ज्यादा भीड़ रही। अंचल से आए लोगों ने हाट के साथ मेले का दोहरा मजा लिया। मवेशी बाजार में भी खूब खरीदारी हुई। मौसम बेहतर होने से आने वाले दिनों में मेले की रौनक और बढऩे की उम्मीद है।
श्रीनवग्रह मेला - मेला व्यापारियों ने की 16 फरवरी से आगे तारीख बढ़ाने की मांग