मूल्यांकन कर जांची शैक्षणिक गुणवत्ता
खंडवा - बच्चों की शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले की गोद ली हुई स्कूलों में परीक्षा शुरू हो गई है। गुरुवार को प्राथमिक शाला के बच्चों ने हिंदी और अंग्रेजी का प्रश्नपत्र हल किया। मिडिल स्कूल के बच्चों ने हिंदी और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा दी। जिला शिक्षा अधिकारी आरके उपाध्याय ने बताया यह परीक्षा बच्चों की ग्रेडिंग बढ़ाने के उद्देश्य से ली गई है। संभागायुक्त संजय दुबे के निर्देश पर शैक्षणिक उन्नयन के लिए जिले की 406 स्कूलों का चयन किया है। यहां पर 40 हजार बच्चे परीक्षा दे रहे हैं। शुक्रवार को प्राथमिक शाला में गणित और पर्यावरण की परीक्षा होगी। मिडिल शाला के बच्चे संस्कृत और गणित की परीक्षा देंगे। शनिवार को अंग्रेजी और विज्ञान की परीक्षा होगी।