अब बन सकेगी आगर रोड पर यूडीए की कालोनी
भास्कर संवाददाता - उज्जैन
आगर रोड पर अब यूडीए की आवासीय योजना साकार हो सकेगी। यह बुधवार को यूडीए बोर्ड की बैठक में इस आवासीय योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। अब डिटेल प्रोजेक्ट तैयार कर उसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। संभागायुक्त व यूडीए चेयरमैन अरूण पांडेय योजना स्थल का जल्द ही निरीक्षण भी करेंगे। यह आवासीय योजना मक्सी रिंग रोड पर कानीपुरा से लेकर खिलचीपुर तक करीब 100 हेक्टेयर में होगी। जिसमें हक्कानीपुरा, कानीपुरा व खिलचीपुर आदि क्षेत्र आएंगे। यहां करीब 4 हजार मकान बनाए जा सकेंगे। आगर रोड पर यूडीए की यह पहली कालोनी होगी। सबसे पहले भास्कर ने 10 दिसंबर के अंक में इस आवासीय योजना से संबंधित खबर का प्रकाशन किया था। सांवराखेड़ी पी-20 योजना व शिप्रा विहार एक्सटेंशन योजना पी-19 के तहत धारा 56 की कार्रवाई का प्रस्ताव बोर्ड की बैठक में रखा गया। यूडीए चेयरमैन पांडेय ने आदेश दिए कि नए भू-अर्जन अधिनियम के तहत किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे की गणना की जाए। अगली बोर्ड बैठक में इसे रखने के लिए कहा।
ये
थे मौजूद
ये भी हुए निर्णय
> कार्य सहायक ग्रेड-1 विजय उपाध्याय को सब इंजीनियर का प्रभार दिए जाने के संबंध में निर्णय लिया गया कि उसकी अंक सूची की जांच करवाई जाए।
> यूडीए के सब इंजीनियर सुबोध गौण को एई का प्रभार दिया गया।
> सहायक यंत्री रंजन गर्ग को कार्यपालन यंत्री का प्रभार दिया गया।
> एलडीसी मनोज सूर्यवंशी के कार्यालय में अनुपस्थित रहने के मामले में मेडिकल की छुट्टी है तो स्वीकृत कर वेतन भुगतान किया जाएगा।
> शिप्रा विहार में एच ब्लॉक में 28 डुप्लेक्स मकानों के निर्माण की स्वीकृति।
> चिंतामण मार्ग पर 5 करोड़ की लागत से बनने वाले महाकाल वैदिक शोध संस्थान के टेंडर की स्वीकृति।
अभिभाषक से लो अभिमत
इंदौर हाई कोर्ट के डायरेक्शन के बाद त्रिवेणी विहार योजना के व्यवसायिक भूखंड क्रमांक-1 को आशियाना इन्फोटेक प्रालि को दिए जाने पर पुनर्विचार का प्रस्ताव रखा गया था। इस पर बोर्ड ने निर्णय लिया कि अभिभाषक से अभिमत लेकर आगामी बोर्ड बैठक में इसे रखा जाए।
ठेकेदारों की बैठक ली: यूडीए चेयरमैन पांडेय ने बुधवार को विकास प्राधिकरण की योजनाओं में कार्य कर रहे ठेकेदारों की बैठक भी ली। उन्होंने ठेकेदारों को आदेश दिए कि समय पर कार्य करें और गुणवत्ता का ध्यान रखें।
यूडीए बोर्ड की बैठक लेते संभागायुक्त अरुण पांडेय। फोटो अशोक मालवीय
बैठक में विधायक मोहन यादव, अनिल फिरोजिया, किशोर खंडेलवाल, मदनलाल ललावत, मुकेश जोशी, रेखा ओरा, भूरालाल यादव का स्वागत किया गया। कलेक्टर बीएम शर्मा, यूडीए सीईओ शिवेंद्र सिंह, निगम आयुक्त विवेक श्रोत्रिय, डीएफओ पदम प्रिया, टीएनसीपी संयुक्तसंचालक परमजीत कलसी, पीडब्ल्यूडी एसई अनंत गोरे आदि मौजूद थे।