- Hindi News
- सिविल अस्पताल के हाल सुधरवाने सांई परिवार के सदस्य आज करेंगे अनशन
सिविल अस्पताल के हाल सुधरवाने सांई परिवार के सदस्य आज करेंगे अनशन
एसडीएम को आवेदन देकर दी सूचना
भास्कर संवाददाता - आगर-मालवा
सिविल अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर कराने एवं मरीजों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर गुरुवार से स्थानीय सामाजिक संस्था सांई परिवार के सदस्य अस्पताल के सामने बैठकर 36 घंटे का अनशन शुरू कर देंगे।
इसकी सूचना बुधवार को सांई परिवार के सदस्यों ने एक आवेदन के माध्यम से एसडीएम जी.एस. डावर को भी दे दी है। आवेदन में बताया कि 15 जनवरी को प्रमुख मांगों को लेकर सौंपे गए ज्ञापन के बाद भी अब तक सिविल अस्पताल में न तो ब्लड बैंक की स्थापना की गई और न स्वीकृत सोनोग्राफी एवं एक्स-रे मशीन मरीजों की सुविधा के लिए पहुंचाई गई है। इस मांग को पूरी किए जाने को लेकर सांई परिवार सदस्य गुरुवार को सुबह 9 बजे से अस्पताल परिसर के सामने महात्मा गांधी एवं सुभाषचंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण कर अनशन शुरू कर देंगे। आवेदन देते समय सांई परिवार के सतीश शास्त्री, इंदुबाला बिलरवान, प्रशांत भटनागर आदि सदस्य मौजूद रहे।