घोटाले में फंसे, फिर ट्रेप, अब छापा
भास्कर संवाददाता - उज्जैन
अनुपातहीन संपत्ति मामले में लोकायुक्त के शिकंजे में फंसे अन्त्यावसायी विकास निगम के अफसर काशीराम रायकवार पर पहले करीब आधा दर्जन बार घोटाले के आरोप लगे है। वहीं शाजापुर में रिश्वत लेते पकड़ाने पर उन्हें पद से हटना पड़ा था। अभी मामला कोर्ट में चल ही रहा है कि गुरुवार को छापे में करोड़ों रुपए की संपति का रिकार्ड मिलने पर फिर भ्रष्टाचार के प्रकरण में उलझ गए।
महाकाल वाणिज्य केंद्र निवासी रायकवार करीब दस वर्ष पहले अन्त्यावसायी विकास निगम में जिले के मुख्य कार्यपालन अधिकारी थे। इस दौरान शासन द्वारा अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों के लिए स्वरोजगार योजना, खुशबू वाहन योजना, सेनेटरी योजना और जर्सी गाय बांटने की योजनाएं चलाई गई थी। सभी योजनाओं में रायकवार पर घोटालों के आरोप लगने पर जांच चली थी। बाद में रायकवार को शाजापुर सीईओ बनाकर भेजा, लेकिन वहां भी मई 2011 में 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रेप हो गए और उन्हें उज्जैन में अटैच कर दिया। यहां एक मामले में लोकायुक्त ने फिर उन पर पद का दुरुपयोग की प्राथमिकी दर्ज की। अभी मामले की जांच चली ही रही थी कि गुरुवार को लोकायुक्त डीएसपी एसएस उदावत,निरीक्षक बसंत श्रीवास्तव, दिनेश चंद्र पटेल, आरक्षक घनश्याम मिश्रा, आशिश चंदेल व स्टेनो एफएल पंद्र ने उनके घर छापा मारकर हजारों रुपए, लाखों के जेवरात व करोड़ों की संपत्ति का रिकार्ड जब्त कर लिया।
बेरोजगार पुत्र के नाम करोड़ों की संपत्ति : लोकायुक्त रिकार्डनुसार कि रायकवार की दो पुत्री व एक पुत्र है। रायकवार ने दोनों पुत्रियों की शादी में लाखों रुपए खर्च किए है। इकलौता पुत्र पवन बेरोजगार है। बावजूद उसके नाम करोड़ों रुपए की कृषि भूमि, दुकान व मकान है। परिवार के नाम 10 बैंकों में लाखों रुपए जमा होने का पता चला है। प्रमाण के लिए सभी बैंक को नोटिस भेजकर जानकारी मांगी है।
काशीराम रायकवार के घर से मिले जेवरात। दूसरे चित्र में महाकाल वाणिज्य केंद्र स्थित निजी मकान। फोटो काईद जौहर
उज्जैन से भोपाल तक संपत्ति
मकान: महाकाल वाणिज्य केंद्र में एक आलीशान मकान, ढांचा भवन 2, एलपी भार्गव नगर व त्रिवेणी विहार में 1-1 मकान। भोपाल के करोंद में मकान
जमीन: ग्राम अंबोदिया में 15 बीघा , ग्राम बड़ोदिया कांजी में 0.97 हैक्टेयर, देवास के टोक कला में एक हेक्टेयर, दमोह के ग्राम बिछिया जवेरा में जमीन,
डेयरी, दुकान: महाकाल वाणिज्य केंद्र में दुकान, ग्राम अंबोदिया में दूध डेयरी फार्म, लाखों रुपए की भैंस व एक गाय।
प्लाट: त्रिवेणी विहार में 2, शिप्रा विहार में 1, आरजू नगर में 4, देवास में 1 गंगा विहार में 2 और हाउसिंग बोर्ड में करीब 50 लाख का एक प्लाट।
॥अन्त्यावसायी अधिकारी पर पूर्व के मामलों में भी जांच चल रही है। छापे में संपति का रिकार्ड मिला है। आंकलन के बाद बरामद संपत्ति की सही कीमत का पता लग सकेगा।ञ्जञ्ज - अरुण मिश्र, एसपी लोकायुक्त