- Hindi News
- परीक्षा नजदीक, नहीं मिल रही लाइब्रेरी से पुस्तकें
परीक्षा नजदीक, नहीं मिल रही लाइब्रेरी से पुस्तकें
आगर-मालवा - कॉलेजों में आयोजित होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं का समय नजदीक है, लेकिन विद्यार्थियों को अब तक लाइब्रेरी से पुस्तकें नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में परीक्षा की तैयारी में समस्या होने लगी है। बुधवार को इसी आशय का एक ज्ञापन शासकीय नेहरू कॉलेज के प्राचार्य आर.एन. सक्सेना को विद्यार्थियों ने सौंपा और लाइब्रेरी से पुस्तकें वितरित कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया कि कॉलेज प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को कक्षावार दिन तय कर सप्ताह में एक बार लाइब्रेरी से पुस्तकें वितरित की जाती रही हैं। लेकिन पिछले एक माह से लाइब्रेरी को कॉलेज में शिफ्ट किए जाने का हवाला देकर कॉलेज प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित नहीं की जा रहीं। इस कारण परीक्षा की तैयारी में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रहित में जल्द लाइब्रेरी से पुस्तकें वितरित की जाएं, नहीं तो विद्यार्थी आंदोलन को बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपते समय अभाविप के जिला संयोजक आदित्य जैन, अजय जैन, स्वप्निल कोठारी, यश कसेरा, शेरू खान सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।