7 करोड़ से बिछेगी मेन लाइन
भास्कर संवाददाता - नागदा
18 करोड़ रुपए से आकार ले रही जल आवर्धन योजना के दूसरे चरण का काम फरवरी माह से शुरू हो जाएगा। इस चरण में फिल्टर प्लांट से पानी की टंकियों तक मेन राइजिंग लाइन बिछाई जाएगी। 7 करोड़ रुपए की लागत से उक्त कार्य को पूर्ण कराने के लिए नपा ने टेंडर जारी किए है। आमंत्रित टेंडर 22 फरवरी को खोले जाएंगे। स्वीकृत टेंडर वाली एजेंसी को तीन माह के भीतर उक्त कार्य पूर्ण करना होगा। गौरतलब है कि नपा ने 2014 में योजना को पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया है। पहले चरण में इंटकवेल व फिल्टर प्लांट निर्माण का कार्य तेजी से हो रहा है।
इस साल पूरा करने का लक्ष्य
॥ 22 साल से अटकी जल आवर्धन योजना हमारा ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसे 2014 में पूर्ण करने का लक्ष्य है। जिसके लिए काफी तेजी से कार्य कराया जा रहा है।’’
शोभागोपाल यादव, अध्यक्ष, नपा, नागदा
रेलवे क्रासिंग में अटक सकता है
फिल्टर प्लांट से शुरू होकर राइजिंग लाइन चंबल तट के किनारे होते हुए बायपास से होकर महिदपुर मार्ग के रास्ते शहर की टंकियों से जुड़ेगी। मगर बिरलाग्राम में स्थित फिल्टर प्लांट से मंडी क्षेत्र में लाइन लाने में रेलवे क्रासिंग की अनुमति मिलने में देरी से योजना अवधि बढ़ सकती है। हालांकि नपाध्यक्ष शोभागोपाल यादव ने दावा किया कि किसी भी तरह योजना को 2014 में पूर्ण करना ही परिषद की पहली प्राथमिकता है।
7 किमी होगी राइजिंग लाइन
7 किमी लंबी राइजिंग लाइन को पानी की टंकियों से जोडऩे के लिए नपा ने तीन माह का समय नियत किया है। इस अवधि में संबंधित एजेंसी को गर्वमेंट कॉलोनी, मुक्तेश्वर महादेव मंदिर, मिर्ची बाजार, भार्गव कॉलोनी, श्रीराम कॉलोनी व इंगोरिया रोड स्थित पानी की टंकी तक डीआई ((डॉकटिल आयरन)) की पाइपलाइन बिछाना होगी।
5 करोड़ में नीलाम होंगी दुकानें
नपा ने प्रत्येक दुकानों की नीलामी 5 लाख रुपए में करने का लक्ष्य रखा है। इस मान से 5 करोड़ रुपए जुटाने की योजना है। मंगलवार को सीएमओ राजेंद्र जैन व सब इंजीनियर शाहिद मिर्जा ने नपाध्यक्ष शोभागोपाल यादव के निर्देशों के अनुरूप दुकानों का निर्माण कराने के पूर्व ही नक्शे के आधार पर ही दुकानों की नीलामी करने का निर्णय लिया है। इससे निर्माण में खर्च राशि पहले ही निकल आने से नपा के बजट पर इसका भार नहीं आएगा। साथ ही दुकानें बनने के बाद इससे किराए के रूप में प्रतिमाह 1 लाख रुपए का राजस्व भी प्राप्त हो सकेगा।
इसलिए लिया निर्णय
नपा कार्यालय के सामने हाल ही में निर्मित सरकारी होटल अटल कुंज से नपा को मात्र 25 दिन में ढाई लाख रुपए की आय हुई है। इससे जाहिर होता है कि शहर में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की अधिक आवश्यकता है। नपाध्यक्ष के मुताबिक मुख्य बाजारों में दुकानों के एवज में लाखों रुपए एडवांस राशि मांगी जा रही है। महात्मा गांधी, जवाहर मार्ग पर एडवांस राशि 25 लाख रुपए तक मांगी जा रही है। ऐसे में रोजगार न मिलने की स्थिति में व्यापार करने के इच्छुक लोग चाहते हुए भी दुकानें नहीं खोल पा रहे है। नपा की दुकानें बनने से लोगों को कुछ तो राहत मिलेगी।
तीसरी मंजिल तक बिना मोटर मिलेगा पानी
योजना के अंतिम चरण में नपा डिस्ट्रीब्यूशन लाइन बिछाने का कार्य करेगी। इस दौरान संपूर्ण शहर के पेयजल वितरण के लिए बिछी लाइन को बदलने का कार्य होगा। सब इंजीनियर शाहिद मिर्जा ने बताया उक्त योजना परिषद का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसके पूरा होते ही नागरिकों को पर्याप्त प्रेशर से तीसरी मंजिल तक बगैर मोटर के पानी मिल सकेगा। मिर्जा के अनुसार निर्मित 16 एमएलडी के फिल्टर प्लांट की क्षमता प्रतिदिन 1 करोड़ 60 लाख लीटर पानी को शुद्ध करने की है। इससे शहर को दोनों समय पेयजल वितरण करने में भी कोई परेशानी नहीं होगी। वर्तमान में नपा चंबल से मात्र 30 लाख लीटर ही पानी ले पा रही है।