ठंड में भी पहुंचे स्कूल
भास्कर संवाददाता - नागदा
शीतलहर व मावठे को मद्देनजर रखते हुए कलेक्टर बी.एम. शर्मा ने जिलेभर के स्कूलों में 25 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। बावजूद गुरुवार को कलेक्टर के आदेश की अवहेलना करते हुए शहर में कई स्कूलों में अवकाश ही नहीं रखा गया। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों को शीतलहर के बीच ही स्कूल पहुंचना पड़ा। कई स्कूल तो सुबह 7-8 बजे तो कई दोपहर में लगे। बावजूद शिक्षा विभाग के जवाबदारों ने यह तक नहीं जाना कि स्कूलों का संचालन आदेश के बाद भी क्यों हो रहा है।
गणतंत्र दिवस का बनाया बहाना- गुरुवार को जब छोटे बच्चों को स्कूल बुलाया गया और मीडिया कर्मी पहुंचे तो स्कूल संचालकों ने गणतंत्र दिवस की तैयारी का बहाना बना दिया। जबकि वास्तव में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। प्रकाशनगर स्थित जैन स्कूल में दोपहर 1.30 बजे छोटे बच्चों की कक्षाएं संचालित हो रही थी। जानकारी लेने पर स्कूल संचालक इंद्रपालसिंह कुशवाह ने गणतंत्र दिवस की तैयारियां के लिए बच्चों को बुलाने की बात कहीं। जबकि बच्चे कक्षाओं में बेग लेकर पहुंचे थे और पढ़ाई कर रहे थे। अब सवाल यह उठता है कि कलेक्टर द्वारा शीतलहर के कारण अवकाश घोषित किया गया है तो आदेश की अवहेलना क्यों हो रही है।
कार्रवाई होगी
॥छोटे बच्चों को स्कूल बुलाने की जानकारी मिली थी। उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर कार्रवाई की जाएगी।
नरेंद्रसिंह रघुवंशी, जनशिक्षक, शासकीय बालक उमावि
स्कूल में बेग लेकर बैठे छोटे बच्चे।