प्याऊ की जगह वाटर कूलर लगाने की मांग
भासं. नागदा - ओझा मार्ग स्थित वर्षों पुरानी प्याऊ को जमींदोज करने का विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को प्याऊ के स्थान पर लगाई जा रही डीपी के कार्य को भी क्षेत्रीय दुकानदारों ने रोक दिया। हालांकि बाद में यहां पहुंची क्षेत्रीय पार्षद रेखा मोदी ने लोगों को बताया कि प्याऊ के स्थान पर वाटर कूलर लगा दिया जाएगा। जिससे राहगीरों को असुविधा नहीं होगी। किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चेतन यादव के नेतृत्व में विरोध जता रहे दुकानदारों को कहना था कि वर्षों से यहां प्याऊ होने का लाभ दुकानदारों को भी मिलता था। मगर बगैर किसी को विश्वास में लिए नपा ने प्याऊ ढहा दी। जो सार्वजनिक हितों पर कुठाराघात है। इसके स्थान पर डीपी लगाने से निकट स्थित दुकानों पर हमेशा खतरा मंडराता रहेगा। स्वास्थ्य निरीक्षक सतीशचंद्र त्रिवेदी ने आश्वस्त किया कि दुकानों से डीपी की दूरी अधिक होगी। जिससे कोई असुविधा नहीं होगी। जिसके बाद लोगों को आक्रोश शांत हुआ।
एल्डरमैन की स्मृति में लगाएंगे वाटर कूलर- मामले में मुस्लिम यंग यूनिटी व इंतेजामिया कब्रिस्तान कमेटी ने पूर्व एल्डरमैन स्व.नासिर खान की स्मृति में प्याऊ के स्थान पर वाटर कूलर स्थापित करने की अनुमति नपा से चाही। ऐसे में प्याऊ के स्थान पर वाटर कूलर की स्थापना करने से समस्या नहीं रहेगी।
लोगों को पानी पिलाते कांग्रेस नेता चेतन यादव।