बच्चों ने जगाई देशप्रेम की अलख
भास्कर संवाददाता - नागदा
उम्र में काफी छोटे नन्हे सिपाहियों में जोश सीमा पर तैनात सिपाही से कमतर नहीं था। मुश्किल से मिली आजादी का मोल न समझने वालों को स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों ने झकझोरकर उपस्थितों को सोचने पर मजबूर कर दिया। मौका था गुरुवार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती अवसर पर सुभाष क्रांति मंच द्वारा आयोजित समारोह का।
बस स्टैंड स्थित कम्युनिटी हॉल में दोपहर 1 बजे से शुरू हुए समारोह में शहर के तीन दर्जन से अधिक स्कूलों के विद्यार्थियों ने विभिन्न ग्रुपों में एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी। आयोजकों को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियां देने वाले स्कूलों को सम्मानित भी किया।
अतिथि मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक देवेंद्रकुमार शर्मा, ब्लॉक समन्वयक मुकेश कटारिया, अभिभाषक संघ अध्यक्ष कमल मालवीय, वरिष्ठ अभिभाषक महेश मसीह, आदिम जाति कल्याण के क्षेत्र संयोजक बी.एल. परमार रहे। संचालन मंच संयोजक जगदीशचंद चावड़ा ने किया।
तीन वर्गों में बंटा आयोजन
कार्यक्रम को आयोजकों ने देशभक्ति, धार्मिक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को अलग-अलग वर्गों में बांटा था। देशभक्ति की प्रस्तुतियों के दौरान तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा का नारा बुलंद करने वाले नेताजी की गाथा के साथ शहीदों की कुर्बानी पर भारत माता की जयकारों के पुष्प अर्पित किए गए। वहीं सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की संस्कृति, सभ्यता को अक्षुण्ण रखने का संदेश दिया। श्रीराम से लेकर श्रीकृष्ण की लीलाओं में छुपे मर्म को नाटिका व नृत्य के माध्यम से बच्चों ने बखूबी उकेरा।
इन्हें मिले पुरस्कार
ञ्च देशभक्ति की प्रस्तुतियों के लिए भारत कॉमर्स विद्यालय को प्रथम, आदर्श स्कूल को द्वितीय व तृतीय स्थान पर शासकीय माध्यमिक विद्यालय मेहतवास रहा।
ञ्च धार्मिक प्रस्तुतियों में प्रथम स्थान पर नवोदय विद्यालय, द्वितीय स्थान पर अभिलाषा पब्लिक व तृतीय स्थान पर आदर्श विनय स्कूल रहा।
ञ्च सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकनृत्य में प्रथम कस्तूरबा बालिका छात्रावास व सत्य सांई कॉन्वेंट, द्वितीय गुरुकुल विद्या मंदिर, तृतीय स्थान पर ज्योति कॉन्वेंट रहा। नाट्य मंचन में प्रथम ज्ञानसागर विद्यालय, द्वितीय आदित्य विद्या मंदिर व तृतीय स्थान पर शासकीय महाविद्यालय नागदा रहा। इस दौरान कमलेश परमार, लक्ष्मण गेहलोत, जितेंद्र पाल, सूरज चौहान, रमेश चावड़ा, आनंद, कुंदन, अजित सहित मंच कार्यकर्ता व्यवस्था में लगे रहे।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देते विद्यार्थी। फोटो- प्रदीप व्यास