कल शान से लहराएगा तिरंगा
भास्कर संवाददाता - नागदा
गणतंत्र दिवस पर नगर में शान से तिरंगा फहराया जाएगा तथा इस दौरान सुबह से ही स्कूलों व कॉलेजों में सांस्कृतिक आयोजन होंगे। साथ ही कई सामाजिक, राजनीतिक संस्थाओं द्वारा भी ध्वज वंदन किया जाएगा। छोटे बच्चों को मिठाइयां भी वितरित की जाएगी। साथ ही युवाओं द्वारा वाहन रैली भी शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी।
एथलेटिक्स चैंपियन करेगी झंडावंदन
नगर पालिका परिसर में ध्वज वंदन एथलेटिक्स चैंपियन कोमल खिरिया व तनवीर कौर के हाथों सुबह 9 बजे होगा। नपाध्यक्ष शोभा गोपाल यादव ने बताया नपा द्वारा हाल ही में अंतर विद्यालयीन एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर दोनों छात्राओं से नपा में ध्वज वंदन कराने की घोषणा की गई थी। नपा के ध्वजारोहण के साथ ही दोनों छात्राओं से स्व. मांगीलाल शर्मा रैन बसेरा का लोकार्पण भी कराया जाएगा। छात्राओं का नाम लोकार्पण के शिलालेख पर मुख्य अतिथि के रुप में अंकित किया जाएगा। इंटक कार्यालय- ग्रेसिम मजदूर कांग्रेस इंटक व इंजीनियरिंग मजदूर कांग्रेस इंटक द्वारा सुबह 8.30 बजे बिरलाग्राम स्थित इंटक कार्यालय पर ध्वज फहराया जाएगा। ध्वजवंदन प्रधानमंत्री विजयसिंह रघुवंशी करेंगे। समारोह को सफल बनाने का अनुरोध जोगेश्वर शर्मा, बलरामसिंह चंद्रावत, हेमंत नावले, सुजानसिंह ठाकुर, गुरुदत्त उपाध्याय, महेंद्र पुरोहित, रतनलाल, रणछोड़लाल आदि ने किया है। जन जागृति मंच- मंच द्वारा ध्वजारोहण मंच अध्यक्ष एस.आर. डोरवार के निवास चंबल सागर कॉलोनी पर सुबह 8.30 बजे किया जाएगा। इस मौके पर मंच सदस्यगण मौजूद रहेंगे।
यहां भी होगा ध्वजारोहण
इत्तेहादुल मुस्लेमीन समिति व टेक्सटाइल मजदूर कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में सुबह 9.45 बजे मिर्ची बाजार, युवराज धर्मशाला के सामने ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर होंगे। अध्यक्षता नपाध्यक्ष शोभा गोपाल यादव करेंगी। विशेष अतिथि अभिभाषक लईक अहमद अंसारी, डॉ. अब्दुल हक मंसूरी, डॉ. य़ुनूस अगवान होंगे। समारोह को सफल बनाने का अनुरोध रमेशचंद्र, गनी मोहम्मद, हाजी सत्तार साहब, अजीम बेग, मुन्नाबाली आदि ने किया है।
शहरभर से निकलेगी बाइक रैली
महाकाल भक्त मंडल द्वारा गणतंत्र दिवस पर शहर में बाइक रैली निकाली जाएगी। मंडल के साहिल शर्मा व मयूर ने बताया कि अशोक कॉलोनी से रैली की शुरुआत होगी। जिसमें देशभक्ति गीतों पर युवा तिरंगा लेकर चलेंगे। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुन: बिरलाग्राम पहुंचकर समाप्त होगी।
ग्रेसिम मजदूर संघ
ग्रेसिम मजदूर संघ द्वारा झंडावंदन सुबह 8.30 बजे सी ब्लॉक के मजदूर मैदान में किया जाएगा। यहां ध्वजारोहण संघ के प्रधानमंत्री जितेंद्र रघुवंशी द्वारा किया जाएगा। यहां से रैली की शुरुआत होगी। जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर कन्याशाला चौराहे पर पहुंचकर समाप्त होगी।