दिनभर छाए बादल, किसान रहे चिंतित
भास्कर संवाददाता. नागदा
लगातार दो-तीन दिन से हो रही बारिश का दौर शुक्रवार को थम गया, लेकिन दिनभर आसमान में काले बादल मंडराते रहे। इससे किसानों को फसल खराब होने की चिंता सताती रही। वहीं किसानों द्वारा खराब हुई फसल का सर्वे कराने की मांग की जा रही है। शासन-प्रशासन ने भी गंभीरता को देखते हुए सर्वे कार्य शुरू कर दिया है।
सोमवार से बुधवार तक रिमझिम तो तेज बारिश का दौर चला। शुक्रवार को फिर आसमान में बादलों ने डेरा जमाया, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें छाने लगी। कारण आसपास क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि की सूचना मिलने पर यहां भी बारिश होने का भय बना रहा।
सर्वे की मांग
भाजपा किसान मोर्चा ने मावठे व ठंड से प्रभावित हुई फसलों के सर्वे कराने की मांग एसडीएम के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा को सौंपकर की। ज्ञापन में बताया क्षेत्र में मावठे, ठंड व कोहरे से गेहूं, चने की फसलें खराब हो गई है। पूर्व में भी सोयाबीन की फसलें खराब हो गई थी। ऐसे में किसानों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। मोर्चा ने शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजे देने की बात भी कही। इस मौके पर अध्यक्ष विजय पटेल, विजय जाट, रामसिंह पंवार, मुकेश चौधरी, प्रकाश जाट, घनश्याम प्रजापत, गोपालसिंह पंवार, राजेश चौधरी, मानसिंह राठौड़, कल्लू चौधरी, रमेश मालवीय, ईश्वर मालवीय, दिलीप सेन, निर्मल कुमावत, गोपी आंजना, सुरेश चौधरी, बंटू चंद्रवंशी, पदम बोड़ाना आदि मौजूद थे।
विधायक ने दिए निर्देश
विधायक दिलीपसिंह शेखावत ने शुक्रवार को एसडीएम डॉ. रजनीश श्रीवास्तव को सर्वे कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए। शेखावत ने बताया कोहरे व मावठे के कारण किसानों की फसल को नुकसान हुआ है। शीघ्र ही क्षेत्र में हुए नुकसान का आंकलन कराया जाए, ताकि किसानों को उचित मुआवजा मिल सके।