ईमानदारी से ड्यूटी करें सरकारी डॉक्टर
भास्कर संवाददाता - नागदा
रोगी कल्याण समिति की बैठक में विधायक दिलीपसिंह शेखावत ने सख्त लहजे में सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों को ड्यूटी पर मौजूद रहने की हिदायत दी है। शुक्रवार सुबह सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में मेडिकल ऑफिसर डॉ. विशाल कंसोटिया को स्पष्ट किया कि शासन की मंशा सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को हर सुविधा उपलब्ध कराना है। एक्स-रे, पैथोलॉजी, सोनोग्राफी व दवाइयों के लिए मरीजों को इधर-उधर भटकना न पड़े, इस बात का विशेष ख्याल रखा जाए। बैठक में एसडीएम डॉ. रजनीश श्रीवास्तव व सेवानिवृत्त मेडिकल ऑफिसर डॉ. एस.आर. चावला भी उपस्थित रहे।
जनता को करें शामिल
शेखावत ने मेडिकल ऑफिसर कंसोटिया को निर्देशित किया कि अस्पताल में आवश्यक संसाधनों की पूर्ति के लिए जनता का सहयोग भी लिया जा सकता है। ऐसे में जनभागीदारी समिति के माध्यम से आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था की जाए। जननी एक्सप्रेस व आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में मरीज को तत्काल इलाज मिलना चाहिए। ऐसी स्थिति में आए दिन इमरजेंसी ड्यूटी में डॉक्टर के नदारद मिलने की शिकायत मिलती है। आए दिन एक्स-रे मशीन खराब होने से मरीजों को निजी जगह जाकर एक्स-रे कराने पर अधिक खर्च करना पड़ता है। आगे से ऐसी स्थिति बनी तो संबंधितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान ब्लड बैंक का मुद्दा आने पर डॉ. कंसोटिया ने बताया इसके लिए अस्पताल प्रबंधन की पूरी तैयारी है। मगर शासन स्तर से आवश्यक उपकरणों की खरीदी करने की अनुमति नहीं मिली है। इस मसले पर विधायक ने आश्वस्त किया कि जल्द ही स्वास्थ्य विभाग से चर्चा कर ब्लड बैंक की स्थापना करवाई जाएगी।
सबको सुविधा मिले
॥ सरकारी अस्पताल में भी निजी अस्पतालों जैसी सुविधा मिले। इसके लिए लगातार कोशिश कर व्यवस्था में सुधार कराया जाएगा। सभी डॉक्टरों व स्टाफ को ईमानदारी से ड्यूटी करने को निर्देशित किया है।’’
दिलीपसिंह शेखावत, विधायक, नागदा-खाचरौद
निगरानी करेगी विधायक की टीम
भास्कर से चर्चा में कहा अब तक सरकारी अस्पताल का ढर्रा जो भी रहा हो। मगर अब वे अस्पताल की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखेंगे। डॉक्टरों के ड्यूटी से नदारद रहने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है। जो प्रतिदिन ओपीडी समय के दौरान सुबह और शाम नजर रखेंगे कि डॉक्टर व स्टाफ समय पर ड्यूटी पर मौजूद रहता है या नहीं।
सर्किट हाउस में बैठक में उपस्थित विधायक व डॉक्टर।