- Hindi News
- ग्रेसिम के सफाई कर्मियों ने काम से किया इनकार
ग्रेसिम के सफाई कर्मियों ने काम से किया इनकार
भास्कर संवाददाता - नागदा
ग्रेसिम उद्योग में कार्यरत तीन दर्जन से अधिक सेनिटेशन ((सफाईकर्मी)) कर्मचारियों ने सोमवार को काम करने से इंकार कर दिया। इससे अघोषित हड़ताल जैसी स्थिति निर्मित हो गई। कर्मचारियों का कहना था कि कई वर्षों से 26 जनवरी को उन्हें ड्यूटी पर बुलाया जाता रहा है। मगर इस बार कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई। गौरतलब है कि राष्ट्रीय त्यौहार पर कर्मचारियों हाजरी की स्थिति में तीन गुना वेतन दिया जाता है। ऐसे में सफाई कर्मियों को इस दिन हाजरी नहीं मिलने से नुकसान होने का डर सता रहा था। हालांकि प्रबंधकीय अधिकारियों ने दोपहर में कर्मचारियों से चर्चा कर उन्हें अवकाश का लाभ दिए जाने का भरोसा दिलाया। जिसके बाद कर्मचारी मंगलवार से ड्यूटी पर आने को राजी हो गए।
मामला सुलझ गया
॥हड़ताल जैसी स्थिति नहीं बनी। सफाई कर्मचारियों ने कुछ मांगों को लेकर कुछ देर के लिए काम बंद किया था। दोपहर में चर्चा के बाद मसला सुलझ गया है। इससे उद्योग की उत्पादन प्रक्रिया पर असर नहीं हुआ है।’’
डॉ.सुरेंद्र मीणा, प्रभारी, मीडिया सेल, ग्रेसिम उद्योग, नागदा
पैरोकार बने अंजान
सफाई कर्मियों द्वारा काम बंद करने की जानकारी उद्योग में प्रभावशील श्रम संगठन इंटक व बीएमएस को नहीं थी। दोनों संगठनों के पदाधिकारी विजयसिंह रघुवंशी व जोधसिंह राठौड़ ने बताया कि ऐसा कब हुआ यह पता ही नहीं चला। इससे ही पता चलता है कि श्रमिक हित में श्रम संगठन उद्योग में कितने गतिशील है। हालांकि एक अन्य श्रम संगठन एचएमएस के प्रधानमंत्री जगमालसिंह राठौड़ ने काम बंद करने की बात को स्वीकार करते हुए कहा कि 26 जनवरी को हाजरी देने का मसला इतना गंभीर नहीं है। सफाईकर्मी अन्य मांगों को लेकर विरोध जता रहे थे। जिसमें बगैर ब्रेक के कर्मचारियों को निरंतर काम देने की मांग प्रमुख थी। राठौड़ ने कहा कि कर्मचारियों को आश्वस्त किया है कि प्रबंधन से चर्चा कर उनकी मांगों को पूर्ण कराया जाएगा।
वर्ष भर में ग्रेसिम उद्योग कार्यरत कर्मचारियों को 26 जनवरी, होली, 15 अगस्त, जन्माष्टमी, रामनवमी, दशहरा, 2 अक्टूबर, दीपावली, ईद सहित 9 त्योहारों पर हाजिरी करने पर तीन गुना पगार देता है। इस दिन छुट्टी पर रहने वाले कर्मचारियों को एक दिन की हाजिरी का लाभ मिलता है। बशर्ते अगर उसने त्योहार से एक दिन पूर्व या बाद में ड्यूटी की हो।