पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तीन दिन में कार्रवाई नहीं तो हड़ताल

तीन दिन में कार्रवाई नहीं तो हड़ताल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - नागदा
एक ऑटो चालक के साथ गुरुवार को आरपीएफ जवानों द्वारा अभद्रता करने पर ऑटो एसोसिएशन के सदस्य आक्रोशित हो गए। एसोसिएशन द्वारा मंडी थाने में आवेदन देकर तीन दिन में कार्रवाई करने की मांग की है। तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल करने की चेतावनी भी दी गई है। वहीं मामले में रेलवे रतलाम मंडल व आरपीएफ के कमांडेंट से शिकायत करने की बात भी कहीं गई है।
ऑटो एसोसिएशन अध्यक्ष अकील खान ने बताया गुरुवार शाम 5 बजे ऑटो चालक सलीम खान सवारी लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। स्टेशन से काफी दूरी पर ही वह सवारी उतार रहा था। इसी दौरान आरपीएफ के धर्मेंद्र व अशोक ने आकर सलीम खान को नो पार्किंग झोन में ऑटो खड़ा करने की बात कहते हुए शराब के नशे में अभद्रता शुरू कर दी और सलीम खान को थाने ले गए। जहां उसकी रसीद बनाई जा रही थी। एसोसिएशन सदस्यों को जानकारी लगने पर सभी आरपीएफ थाने पहुंचे तो थाना प्रभारी ने रसीद बनाने से इंकार करते हुए सलीम खान को छोड़ दिया। ऑटो चालक के साथ अभद्रता होने से सभी ऑटो चालक आक्रोशित हो गए। देर शाम एसोसिएशन ने मंडी थाने पहुंचकर मंडी थाना प्रभारी गोपाल परमार को आवेदन सौंपा। जिसमें दोनों जवानों पर तीन दिन में कार्रवाई करने की मांग की गई अन्यथा हड़ताल की चेतावनी दी गई। खान ने बताया कि मामले की शिकायत नागदा पहुंचे रतलाम मजिस्ट्रेट से की गई है, जिन्होंने रतलाम रेल मंडल में शिकायत करने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं मामले से आरपीएफ कमांडेंट को भी अवगत कराया गया है।
॥ नियम विरुद्ध ऑटो पार्क करने पर ऑटो चालक पर जवान कार्रवाई कर रहे थे। जवानों के नशे में होने की बात गलत है।’’
सी.पी. मिर्धा, थाना प्रभारी, आरपीएफ नागदा
॥ ऑटो चालक एसोसिएशन ने आवेदन दिया है। जांच करवाई जा रही है।’’
गोपाल परमार, थाना प्रभारी, मंडी थाना नागदा



मंडी थाने में आवेदन देने पहुंचे ऑटो चालक। फोटो- प्रदीप व्यास