अवैध खनन से सड़क का निर्माण
भास्कर संवाददाता - नागदा
विकास के नाम अवैध उत्खनन का खेल लगातार जारी है। कभी सड़क निर्माण तो कभी किसी और कार्य के लिए मिट्टी व रेत खनन किया जा रहा है, ऐसे में समतल सरकारी भूमियां तलैया का रुप लेती जा रही है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत ग्राम रतन्याखेड़ी से रोहलकलां तक सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य में भी मिट्टी का अवैध उत्खनन कर सड़क का लेवल किया जा रहा है।
ग्राम रतन्याखेड़ी की गोचर व श्मशान की भूमि कुछ साल पहले तक समतल थी, लेकिन अब हालात यह है कि समतल भूमि ने तालाब का रुप ले लिया है। अभी भी यहां अवैध उत्खनन का कार्य किया जा रहा है और यहां से मिट्टी का खनन कर सड़क निर्माण कार्य में उपयोग किया जा रहा है। ग्राम रतन्याखेड़ी के साथ ही ग्राम रोहलकलां के तालाब से मिट्टी का खनन हो रहा है। मामले में खास बात यह है कि सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार ने पंचायत से बिना अनुमति लिए ही मिट्टी का उत्खनन किया है।
इनका कहना
अवैध उत्खनन की जानकारी मिली है। पटवारी को जांच के निर्देश दिए गए है।
अशोक व्यास, तहसीलदार नागदा
सरपंच ने किया था मना
सरपंच नारायण भाटी ने बताया कि ठेकेदार द्वारा गोचर भूमि से उत्खनन का कार्य किया जा रहा था। जिस पर भाटी ने ठेकेदार को उत्खनन करने से भी रोका था। जिस पर ठेकेदार ने उत्खनन कार्य बंद कर दिया था, लेकिन दोबारा उत्खनन का कार्य शुरू कर दिया गया है। भाटी ने बताया कि ठेकेदार द्वारा उत्खनन कार्य बंद नहीं किया जाता है तो उसकी शिकायत प्रशासन से की जाएगी।
इस तरह गोचर भूमि पर अतिक्रमण हुआ।